• रोहतक में सोशल मीडिया पर जयहिंद बोले- पैसों पर विवाद, डिप्रेशन में जाना लाजमी

रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने पंजाब की राजनीति को लेकर गंभीर सवाल उठाते देर रात को सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि पंजाब राज्य की राजनीति में पारदर्शिता की कमी है और जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। सभी राजनीतिक दल मिलकर सच्चाई को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।

नवीन जयहिंद ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और हालिया घटनाएं कई सवाल खड़े करती हैं। दिल्ली की राजनीति का पंजाब पर अत्यधिक प्रभाव पड़ रहा है और अरविंद केजरीवाल ने तो पंजाब के सीएम भगवंत मान को दिल्ली का मजदूर बना दिया है। जिनसे काम तो ले रहे हैं, लेकिन उनकी मजदूरी नहीं दे रहे।

पैसों को लेकर चल रहा सारा विवाद

नवीन जयहिंद ने एक बार फिर कहा कि सारा विवाद पैसों को लेकर है। राघव चड्ढा के साथ भी पैसों का विवाद हुआ और अब पंजाब सीएम के साथ भी पैसों को लेकर ही विवाद शुरू हो गया है। इसी कारण पंजाब सीएम भगवंत मान डिप्रेशन भी चले गए है। क्योंकि सीएम होने के बावजूद उन्हें कुछ नहीं मिल रहा।

विधानसभा सत्र पर उठाए सवाल

नवीन जयहिंद ने कहा कि जिस उद्देश्य से पंजाब में विशेष विधानसभा सत्र बुलाया गया है, उसकी आवश्यकता पर भी सवाल उठ रहे हैं। यह सत्र जनहित से ज्यादा राजनीतिक कारणों से प्रेरित नजर आता है। पंजाब की जनता सच्चाई जानना चाहती है और आने वाले समय में सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे।