रोहतक में मंगलवार की रात कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंची भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज न नेता, न नीति और न ही कोई मुद्दा है। कांग्रेस ने हमेशा झूठ फैलाने का काम किया। प्रेस की स्वतंत्रता को भी खत्म करने का काम भी कांग्रेस ने किया था।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज पूरे देश में विपक्ष के नेताओं में भगदड़ मची है। जो नेता भाजपा में आना चाहते है, हम उसे क्यों मना करेंगे। भाजपा में शामिल होने वाले लोगों का बैकग्राउंड चेक करने की कोई बात नहीं है। कांग्रेस के समय पूरे देश में आसमान से लेकर पाताल तक, हर तरीके का भ्रष्टाचार हुआ है। जिसने अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार किया है, क्या उसकी कोई जवाबदेही नहीं है।
लोकसभा चुनाव में राहुल बाबा करते रहे जनता को गुमराह
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकसभा 2024 के चुनाव में राहुल बाबा एक लाल रंग की किताब लेकर घूम रहे थे और जनता को गुमराह किया कि भाजपा की सरकार बनी तो संविधान खत्म हो जाएगा। झूठ फैलाने का काम कांग्रेस करती रही है। आज की युवा पीढ़ी को कांग्रेस के चरित्र की जानकारी होनी चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष 100 लोकतंत्र सेनानियों को करेंगे सम्मानित
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 25 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार रोहतक आएंगे और एमडीयू में आयोजित कार्यक्रम में 1975 में लगे आपातकाल का दंश झेलने वाले 100 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करेंगे। हरियाणा में 3 जगह कार्यक्रम होंगे और रोहतक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ वह स्वयं मौजूद रहेंगी।
