- हर दिन हो रहीं आपराधिक घटनाएं
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में रोजाना अपराध की खबरें सामने आ रही हैं और करनाल में तो हाल ही में हत्या की बड़ी घटना हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। हुड्डा ने कहा कि कानून व्यवस्था को कायम रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन इसमें पूरी तरह विफलता नजर आ रही है। हर दिन बड़ी आपराधिक घटनाएं हो रहीं।
कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर रखी दावेदारी
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संसद में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अन्य सांसद 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी हरियाणा को दिए जाने का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही देश की आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत हो, लेकिन खेलों में प्रदेश का योगदान सबसे ज्यादा रहा है।
उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ और ओलंपिक दोनों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने सबसे अधिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इसके लिए उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनकी मेहनत की सराहना की।
खिलाड़ियों पर बयान को लेकर अर्चना गुप्ता को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के जाति विशेष वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण बात और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी किसी जाति का नहीं होता, बल्कि पूरे देश का होता है और देश की प्रतिभा को आगे बढ़ाता है।
योगेश्वर दत्त समेत कई खिलाड़ियों का दिया उदाहरण
भूपेंद्र हुड्डा ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए पहलवान योगेश्वर दत्त, क्रिकेटर जोगेंद्र शर्मा और ममता सोधा का उदाहरण दिया, जिन्हें डीएसपी नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में 17 खिलाड़ियों को डीएसपी बनाया गया और “पदक लाओ, नौकरी पाओ” नीति लागू की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा ने खेलों में हमेशा देश का मान बढ़ाया है और 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने दोहराया कि खिलाड़ियों का सम्मान और बेहतर कानून व्यवस्था ही प्रदेश की प्राथमिकता होनी चाहिए।
