• MLA आफताब अहमद ने VIDEO डाला, गुरुग्राम में काले झंडे दिखाए थे

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नूंह दौरे से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है। इसी वजह है पुलिस का एक्शन, जिसमें युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुबीन तेडिया सहित कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया।

नूंह विधायक और कांग्रेस दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो डालकर सरकार की आलोचना करते हुए लिखा-जब जब मुख्यमंत्री डरता है, पुलिस को आगे करता है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुबीन खान को हाउस अरेस्ट करना निंदनीय है। मुख्यमंत्री आज शनिवार को अनाज मंडी में मेवात कैडर के टीचरों के कार्यक्रम और मेवात विकास एजेंसी की बैठक में भाग लेने आ रहे हैं। यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुबीन पहले भी बसों पर मुख्यमंत्री के पोस्ट पर कालिख पोत चुके हैं।

इससे पहले गुरुग्राम में भी कांग्रेसियों ने सीएम सैनी के काफिले को काले झंडे दिखाए थे। आठ नेताओं के खिलाफ केस दर्ज होने पर कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय घेर लिया था। बाद में एक्शन लेते हुए एसएचओ को सस्पेंड करना पड़ा और दो डीसीपी को नोटिस जारी किया गया था। सभी कांग्रेसियों को भी थाने से जमानत दे दी गई थी।