- मंत्री पंवार बोले-कांग्रेस ने दलित विरोधी मानसिकता का परिचय दिया
पानीपत शहर में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नेतृत्व में BJP कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक इंदु राज भालू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने तीनों नेताओं का पुतला भी फूंका।
मीडिया से बातचीत करते हुए पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू ने एक दलित विधायक के हाथ से जबरन पोस्टर छीनकर अपनी और अपनी पार्टी की दलित विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। पंवार ने स्पष्ट किया कि यह केवल किसी एक विधायक का व्यक्तिगत अपमान नहीं है, बल्कि यह पूरी हरियाणा विधानसभा और पूरे दलित समाज का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हुड्डा के व्यवहार और पगड़ी विवाद पर निशाना
इसके साथ ही कृष्ण लाल पंवार ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान हुड्डा ने एक पुलिसकर्मी को दो बार कोहनी मारी, जो घटना के वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, आदित्य चौटाला द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे और पगड़ी को लेकर उठाए गए सवालों पर पंवार ने सख्त आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि आदित्य चौटाला को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए था। पगड़ी हमेशा से मान-सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक रही है, और इस पर सवाल उठाना सीधे तौर पर इसका अपमान करना है। पंवार ने आरोप लगाया कि इन लोगों का पगड़ी का अपमान करने का पुराना इतिहास रहा है।
लोकतंत्र में गरिमा की सीमाएं तय हों
पंचायत मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने और प्रदर्शन करने का अधिकार हर किसी को है, लेकिन राजनीति में गरिमा और मर्यादा बनी रहनी चाहिए। प्रदर्शन के नाम पर इस तरह का अभद्र और अपमानजनक व्यवहार पूरी तरह अनुचित है।
