• भाजपा खरीदती रही, मिलीभगत ने हरियाणा को खोखला किया

इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला शनिवार को ताऊ देवीलाल जयंती का निमंत्रण देने भिवानी के बवानीखेड़ा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने इनेलो की सदस्यता भी ग्रहण की।

अभय चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां मिलीभगत से भ्रष्टाचार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट बेचती है और भाजपा वोट खरीदती है। उनके अनुसार, इसी तरह के भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश में महंगाई बढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन 20-25 करोड़ रुपये में विधायकों की खरीद-फरोख्त होती है। अभय ने कहा कि विधायकों को खरीदने के लिए जिन व्यापारियों से पैसा लिया जाता है, बाद में सरकार को उनके हित में काम करना पड़ता है।

कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा

अभय चौटाला ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी लेने के बजाय पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हैं।

बोले- जनता बदलेगी व्यवस्था

इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर हरियाणा को खोखला कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता दोनों दलों की नीतियों से परेशान है और आने वाले समय में इन्हें बदलने का काम करेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह बताएं कि उन्हें नोटिस कब दिया जा रहा है।