- रोहतक में मंत्री विज ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया
रोहतक में भाजपा के वरिष्ठ नेता गुलशन भाटिया की भतीजी के निधन पर शोक प्रकट करने पहुंचे हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस स्कूल में फेल हुए बच्चे जैसी है, जो बार-बार बहाने बनाकर रोता रहता है।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश की जनता ने लगातार कांग्रेस को नकारा है। एक-एक प्रदेश से कांग्रेस ने जो छल, फरेब, झूठ के वादे किए। नारे लगवाए और घोषणाएं की थी, उनसे तंग आकर जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह रिजेक्ट कर दिया है। यही कारण है कि अब आरोप लगा रहे है।
कांग्रेस को खुद के अंदर झाकने की जरूरत
मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार का मातम मनाने के लिए कभी किसी पर आरोप लगा रही है, कभी किसी पर आरोप लगा रही है। लेकिन कांग्रेस अपने अंदर नहीं झांक रही। कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले अपने अंदर झांकने की जरूरत है।
राजनीतिक आरोप का दिया जाएगा जवाब
मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठा रही, बल्कि राजनीतिक आरोप लगा रही है। जब कोई राजनीतिक आरोप लगाएगा तो उसका जवाब भी राजनीतिक रूप से ही दिया जाएगा। कांग्रेस केवल बहाने बना रही है।
खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़ी रही है। वह खुद भी खेल मंत्री रहे हैं। हरियाणा के खिलाड़ियों ने बहुत मान बढ़ाया है। इसके लिए हरियाणा सरकार खिलाड़ियों का उचित सम्मान करती आ रही है और आगे भी करेगी।
