• प्रदेश अध्यक्ष तैयार कर रहे लिस्ट, कुरुक्षेत्र में ट्रेनिंग कैंप में रखेंगे, सहमति मिलते ही ऐलान

13 से 22 जनवरी तक कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर स्थित पंजाबी धर्मशाला में प्रस्तावित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान दौरान हरियाणा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन पर भी मुहर लग सकती है। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कार्यकारिणी में शामिल किए जाने वाले सदस्यों की सूची तैयार करने में जुटे हैं। वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में यह सूची राहुल गांधी के समक्ष रखकर सहमति लेने की तैयारी है। राव नरेंद्र सिंह के अनुसार कार्यकारिणी की घोषणा कभी भी की जा सकती है।

11 साल के लंबे इंतजार के बाद हरियाणा कांग्रेस जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है। कांग्रेस ने 22 जिला अध्यक्षों समेत कुल 32 जिलों और शहरी इकाइयों के अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश के साथ ही जिला कार्यकारिणी घोषित करने की प्रदेश अध्यक्ष तैयारी कर रहे हैं।

19-20 जनवरी को राहुल के आने के आसार

10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 या 20 जनवरी को कुरुक्षेत्र पहुंचने की संभावना है। हालांकि, अभी उनके कार्यक्रम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का शेड्यूल भी राहुल गांधी के साथ जारी होने की उम्मीद है।

हाईकमान का मुख्य एजेंडा जिलाध्यक्षों को पार्टी की नीतियों से गहराई से अवगत कराना और उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी रणनीतिकार के तौर पर तैयार करना है। प्रशिक्षण में हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।

जल्द डेट का किया जाएगा ऐलान

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का शिविर में आना तय है, लेकिन आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान जिलाध्यक्षों को घर-घर पहुंचने, जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने, वोट चोरी, अपराध में वृद्धि, किसानों से जुड़े सवालों और अन्य स्थानीय समस्याओं को तार्किक ढंग से सिरे तक पहुंचाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसलिए दिया जाएगा प्रशिक्षण

सूत्रों के मुताबिक संगठन विस्तार और नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के बाद राहुल गांधी समीक्षात्मक बैठक भी करेंगे। सख्त चेतावनियों के बावजूद प्रदेश कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों के बीच गुटबाजी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में कई वरिष्ठ नेताओं के लिए यह चुनौती बन गया है कि वे राहुल गांधी के समक्ष अपनी बात किस तरह रखें।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्टी को भीतर से मजबूत करना, गुटबाजी खत्म करना और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को फिर से खड़ा करने की रणनीति नेताओं को बारीकी से समझाना है।

31 सदस्य होंगे जिला कार्यकारिणी में

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने इसका ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। जिला कार्यकारिणी में सभी गुटों को साधने के मकसद से सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। पार्टी के मुताबिक कार्यकारिणी में जिला अध्यक्ष, चार उपाध्यक्ष, एक महासचिव (संगठन), आठ महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, 16 सचिव की नियुक्ति होगी। इस हिसार एक जिला कार्यकारिणी में कुल 31 सदस्यों को शामिल किया जाना है।

हर गुट के सदस्यों को पार्टी में जगह दी जाएगी

31 सदस्यों की कार्यकारिणी का गठन एक सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। इसका मकसद यही है कि पार्टी के सभी सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह दी जाए, ताकि कार्यकर्ताओं में अपनेपन की भावना रहे। इसके साथ ही पार्टी के सभी गुटों को भी साधा जाएगा। हर गुट के सदस्यों को पार्टी में जगह दी जाएगी, ताकि गुटबाजी की कोई गुंजाइश न रहे।