- मानेसर मेयर बोलीं-कइयों ने रोकने की कोशिश की, ‘राव साहब’ जो चाहते हैं वही होता है
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने भाजपा का पटका पहनने के बाद यह बात कही। ‘राव साहब’ उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के लिए इस्तेमाल किया। साथ ही ‘रोकने वालों’ शब्द के जरिए इंद्रजीत के पार्टी और अहीरवाल में धुर विरोधी हरियाणा के मंत्री राव नरबीर की ओर इशारा किया।
दरअसल, 14 महीने पहले यानी मार्च 2025 में हुए मेयर चुनाव में डॉ. यादव ने भाजपा के ऑफिशियल प्रत्याशी सुंदर लाल यादव हराया था। तभी से राव इंद्रजीत उन्हें भाजपा जॉइन कराने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मंत्री राव नरबीर खुलकर विरोध कर रहे थे।
उन्होंने यहां तक कहा था कि वे किसी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले को पार्टी में नहीं आने देंगे। इंद्रजीत यादव के पति राकेश हयातपुरिया पर हत्या की साजिश जैसे कुछ केस दर्ज हैं। मंत्री के विरोध के बाद भी मेयर की BJP में एंट्री कैसे हुई ।
चुनाव जीतते ही राव से मिलने पहुंचीः 12 मार्च 2025 को हरियाणा के 10 नगर निगमों के नतीजे घोषित हुए। मानेसर के नतीजे चौंकाने वाले रहे। 9 जगह भाजपा जीती, लेकिन मानेसर में जीतीं डॉ. इंद्रजीत कौर यादव। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराया। हालांकि नतीजे घोषित होने के बाद ही उनके पति ने राव इंद्रजीत से मुलाकात की। इसके कुछ दिन बाद खुद डॉ. यादव राव इंद्रजीत से मिलने पहुंचीं।
भाजपा में एंट्री की कोशिश कीः नतीजे आने के कुछ दिन बाद ही डॉ. इंद्रजीत यादव के भाजपा में शामिल होने की चर्चा चली। इसके लिए कार्यक्रम भी तय हुआ, लेकिन फिर टाल दिया गया। सियासी हलकों में चर्चा आई कि मंत्री राव नरबीर की ‘वीटो’ के कारण एंट्री टल गई।
भरी सभा में रोईं, नरबीर पर आरोप लगाएः 8 जुलाई 2025 को मेयर के अपने गांव में सभा हुईं, जिसमें वह लोगों के बीच फूट-फूटकर रोईं। आरोप लगाया कि नरबीर उनकी जीत को पचा नहीं पा रहे। पति को झूठे केस में फंसाकर परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा में एंट्री न होने के बावजूद मेयर अकसर राव इंद्रजीत और उनकी बेटी मंत्री आरती राव के साथ मंच पर नजर आती रहीं।
राव इंद्रजीत के गृहक्षेत्र में कराई जॉइनिंगः 29 अप्रैल को दोपहर बाद रेवाड़ी में विशेष कार्यक्रम रखा गया। जिसमें राव इंद्रजीत ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की मौजूदी में मेयर इंद्रजीत व 8 पार्षदों को पार्टी जॉइन करवा दी। रेवाड़ी में ही राव इंद्रजीत का पैतृक आवास रामपुरा हाउस है।
अब नगर निगम चुनाव में माहौल बनाने का मौका
अब हरियाणा के 3 नगर निगमों पंचकूला, अंबाला व सोनीपत में नगर निगम के आम चुनाव हैं। इसके लिए माहौल बनाने के लिए भाजपा कोई मौका नहीं चूकना चाह रही। इसी क्रम में 29 अप्रैल को सुबह पंचकूला में CM नायब सैनी ने दूसरे दलों के कई नेताओं को पार्टी जॉइन कराई। रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगरपालिका के भी चुनाव चल रहे हैं। इसी को अच्छा मौका माना गया।
आज गुरुग्राम में सीनियर व डिप्टी मेयर के चुनाव
30 अप्रैल को गुरुग्राम नगर निगम में सीनियर व डिप्टी मेयर के चुनाव भी होने हैं। पार्षदों को अपने में से ही ये पदाधिकारी चुनने हैं। गुरुग्राम नगर निगम में राव इंद्रजीत का दबदबा है।
मानेसर में नई विधानसभा सीट बनने की संभावना
अहीरवाल से जुड़ी राजनीति पर नजर रखने वालों का कहना है कि भविष्य में परिसीमन होना है। मानेसर के नई विधानसभा सीट बनने की प्रबल संभावना है। डॉ. इंद्रजीत कौर की एंट्री से भाजपा को फायदा मिलेगा।
मुझे राव साहब पर पूरा भरोसा: डॉ. इंद्रजीत कौर ने दैनिक भास्कर एप से फोन पर बातचीत में कहा-मुझे भाजपा में आने से रोकने के लिए कई लोगों ने जोर लगाया, लेकिन मुझे राव साहब पर पूर्ण विश्वास है। राव साहब जो चाहते हैं, वही होता है। उन्हें अपने विरोधियों से निपटना आता है।
अहीरवाल में उनका कोई मुकाबला नहीं: मेयर ने आगे कहा-अहीरवाल में राव साहब का कोई मुकाबला नहीं कर सकता। वे यहां की जनता के दिल में रहते हैं। अब भाजपा सरकार के साथ मिलकर मैं मानेसर नगर निगम का और ज्यादा विकास करवा पाऊंगी। मानेसर प्रदेश का ही नहीं, देश का सबसे अच्छा इलाका बनकर उभरेगा।
खुलकर इंद्रजीत पर निशाना साध रहे राव नरबीर
दक्षिण हरियाणा यानी अहीरवाल में भाजपा के दोनों दिग्गज नेताओं के बीच 36 का आंकड़ा सार्वजनिक है। दोनों सार्वजनिक मंचों पर बगैर नाम लिए एक-दूसरे पर निशाना साधते रहते हैं। राव नरबीर सिंह तो पिछले कुछ समय से लगातार भाषणों में यही कह रहे हैं कि हमारे अहीरवाल के कई नेता सीएम बनने का सपना देखते हुए चले गए और कुछ जाने को तैयार हैं। उनका इशारा राव इंद्रजीत की तरफ रहता है, जो लगातार कहते रहे हैं कि अहीरवाल को राजनीति में जरूरी हक नहीं मिला है।
