• अजय बोले- गोबर खाने वाले कुछ भी बोलेंगे

हरियाणा के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों पर भाजपा नेताओं के विवादित बयानों से प्रदेश का सियासी पारा बढ़ रहा है। पहले भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ बताया था। अब सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम ने ओमप्रकाश चौटाला पर ‘नाश’ करने वाला बयान दिया है।

ओमप्रकाश चौटाला के पोते एवं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने गौतम को लीगल नोटिस भेजा है। इस तरह की बयानबाजी क्या भाजपा की रणनीति का हिस्सा है? इस सवाल पर इनेलो नेता प्रो. संपत्त सिंह कहते हैं कि भाजपा जानबूझकर अपने नेताओं को सिखा-पढ़ाकर ऐसे बयान दिलवा रही है। वहीं, जेजेपी सुप्रीमो अजय चौटाला ने गौतम को लेकर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि “जो गोबर खा सकता है, वह कुछ भी कह सकता है।”

रेखा शर्मा के बयान के बाद भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई के आक्रामक तेवर देखते हुए भाजपा हाईकमान को हस्तक्षेप करना पड़ा था, जिसके बाद रेखा शर्मा ने अपने बयान पर खेद जताया। हालांकि, भजनलाल के दूसरे बेटे एवं पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने पंचकूला कोर्ट में दो केस दायर किए हुए हैं।

इन दोनों बयानों के बाद विपक्ष ने दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के खिलाफ की गई टिप्पणी पर भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि जिन नेताओं के खिलाफ बयानबाजी की गई है, उनका स्वर्गवास हो चुका है और दोनों भाजपा के साथ गठबंधन में रह चुके हैं।

विधायक रामकुमार गौतम का ओपी चौटाला पर विवादित बयान

रामकुमार गौतम ने 5 दिन पहले करनाल के असंध में ओपी चौटाला पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ब्राह्मण विरोधी थे। चौटाला कहते थे कि “भाजपा और ब्राह्मण कहीं धरती पर दिख जाएं तो मुझे बता देना।” गौतम ने यह भी कहा कि चौटाला साहब का समझौता भाजपा से था, लेकिन वे हमेशा भाजपा के खिलाफ बोलते थे।

गौतम ने चौटाला के हवाले से कहा कि उन्होंने साल 2000 में सारी भाजपा उजाड़ दी थी। गौतम ने इस बात का भी उल्लेख किया कि चौटाला ने अपने कार्यकाल में किसी ब्राह्मण को डिप्टी स्पीकर या चीफ पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी नहीं बनाया था और वे कहते थे कि “इस कौम का नाश कर दूंगा।” गौतम ने अंत में कहा, “नाश तो खुद का ही हो गया।”

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ कहा

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला में 24 अप्रैल को नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने मंच से कहा था कि इस इलाके में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की ‘बदमाशी’ थी। इन्होंने ‘बदमाशी करके’ चुनाव जीते थे। रेखा शर्मा के मुंह से बंसीलाल का नाम भी निकला था, लेकिन वे तुरंत रुक गईं।

चौटाला और बिश्नोई परिवार ने भेजे लीगल नोटिस:

रामकुमार गौतम और रेखा शर्मा बयानों के बाद, चौटाला और बिश्नोई परिवार ने इन बयानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित नेताओं को लीगल नोटिस भेजे हैं। चंद्रमोहन बिश्नोई ने रेखा शर्मा के खिलाफ पहले से ही कोर्ट में केस कर रखा है। वहीं दुष्यंत चौटाला ने रामकुमार गौतम को लीगल नोटिस भेजा है।