- पिता पूर्व सीएम पर टिप्पणी से आहत थे
हरियाणा में वरिष्ठ BJP नेता कुलदीप बिश्नोई हरियाणा भाजपा के सीनियर नेताओं से किनारा कर रहे हैं। इसके संकेत उन्होंने रात को अपने सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर दिए हैं। उन्होंने फेसबुक और एक्स हैंडल की कवर ईमेज से पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर का फोटो हटा दिया है।
इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा का भी फोटो रिमूव कर दिया है। अब कवर ईमेज में सबसे आगे अपने पिता स्व. चौधरी भजनलाल का फोटो लगाया है, इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का फोटो लगाया है।
मोदी और शाह के फोटो पहले की तरह कवर ईमेज में हैं, मगर नड्डा और खट्टर का फोटो हटाने को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। बता दें कि, कुलदीप बिश्नोई अपने पिता चौधरी भजनलाल पर भाजपा सांसद रेखा शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली द्वारा की गई टिप्पणियों से आहत हैं।
रणजीत चौटाला की सभा में खट्टर ने सुनाया था किस्सा
केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर 10 अप्रैल 2024 को भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला के लिए प्रचार करने हिसार आए थे। कैमरी गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने मंच से कुछ किस्से सुनाए जो हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों से जुड़े थे। मनोहर लाल ने इशारों- इशारों में पूर्व सीएम को भ्रष्टाचारी बताया था। इसके बाद बिश्नोई परिवार ने चुनाव में उनसे दूरी बनाई और भाजपा प्रत्याशी चौटाला को हार का भी सामना करना पड़ा था।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ कहा
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला में 24 अप्रैल को नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने मंच से कहा था कि इस इलाके में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की ‘बदमाशी’ थी। इन्होंने ‘बदमाशी करके’ चुनाव जीते थे। रेखा शर्मा के मुंह से बंसीलाल का नाम भी निकला था, लेकिन वे तुरंत रुक गईं।
बड़ौली ने कहा था-जरूरी नहीं बाप जैसा बेटा हो
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने हिसार में कहा था चौधरी भजनलाल हरियाणा के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। यह जरूरी नहीं होता कि जैसा बाप हो बेटा भी वैसा ही हो। भजनलाल के बारे में रेखा शर्मा ने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया। वह चुनावी सभा थी। रेखा शर्मा के शब्दों के चयन में चूक हुई। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अब इस बात को बढ़ाने का काम किया है। बड़ौली ने पूर्व सीएम का बिना आदर लिए भजनलाल कहा था।
कुलदीप ने वीडियो जारी कर साधा था निशाना
इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने वीडियो जारी कर भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लिया था और कहा था- रेखा शर्मा का बयान भूल नहीं, उनकी सोच बताती है। इन जैसी नौसिखियों को ये नहीं पता कि इतिहास पढ़ना आसान है, लेकिन रचने के लिए खून पसीना एक करना पड़ता है। जिसे औकात से ज्यादा मिल जाए तो बहुत कम लोग उसे पचा पाते हैं।
रेखा का भी यही हाल है। राज्यसभा के पद की गरिमा तो रख लेते। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने भी ऐसी ही बात कही। मैं इसकी निंदा करता हूं। एक ऐसा व्यक्ति जिसकी कुछ औकात नहीं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बैठे हो भाजपा ने आपको थोपा या बनाया। चौधरी भजनलाल जैसे सम्मानित व्यक्ति के पीछे जी लगाना जरूरी नहीं समझा।
