रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने निवास पर पत्रकारों से बात में राजनीति से संन्यास को अटकलों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह बुढ़ा हो गया है। उसका दिमाग थोड़ा सा कम काम कर रहा है। कोई बात नहीं, हमारा बड़ा भाई है, उसे माफ कर देते हैं, वह कुछ भी कहे।
पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा से दूरी के सवाल पर भी हुड्डा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा- मैं गुरुग्राम में शामिल हुआ था। सद्भाव यात्रा में जाने की कोई बंदिश थोड़े थी। सब अपने तरीके से पार्टी को लीड कर रहे हैं। बृजेंद्र सिंह हमारा अजीज है। हमने कब कहा कि यह पार्टी की यात्रा नहीं है। जब राहुल गांधी शामिल हो गए, तो पार्टी की यात्रा है। मेरी बृजेंद्र सिंह को शुभकामनाएं है।
दरअसल, 4 दिन पहले ही पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने रोहतक में ही कहा था कि हुड्डा डेढ़ साल में रिटायर होगा। 80 वर्षीय बीरेंद्र और 78 वर्षीय हुड्डा रिश्ते में भाई लगते हैं। हालांकि सियासत में अक्सर 36 का आंकड़ा दिखता है।
अब जानिये…हुड्डा ने क्या अहम बातें कहीं अकेला रोहतक नहीं, पूरा हरियाणा मेरा गढ़ः भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रोहतक अकेला मेरा गढ़ नहीं है, मेरा गढ़ तो पूरा हरियाणा है। मैं कोई एक गढ़ का नहीं हूं। जहां पैदा हुआ, जहां से मेरी मां है, क्या वही मेरा गढ़ होगा। मैं पूरे हरियाणा का नेता हूं। कांग्रेस के सभी नेता यात्रा में आए, कई बार एक मंच पर दिखे, फिर एक मंच पर दिखाई देंगे।
सद्भाव यात्रा के समापन पर कुलदीप शर्मा मेरा नुमाइंदाः हुड्डा ने कहा कि सद्भाव यात्रा के समापन समारोह में अपना नुमाइंदा भेजा हुआ था। पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा मेरा ही नुमाइंदा था। भले ही वह कुछ भी कहता रहे। सद्भाव यात्रा के समापन पर विधायक बीबी बत्रा और शकुंतला खटक ने कहा कि उन्हें निमंत्रण नहीं मिला था। वहीं, जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी और बलवान रंगा ने भी न्योता न होने की बात कही।
देश के युवाओं का कॉकरोच पार्टी में दिखा आक्रोशः हुड्डा ने कहा कि देश के युवाओं का आक्रोश 4 दिन की कॉकरोच पार्टी से देखने को मिला। देश और प्रदेश में बेरोजगारी फैली हुई है। गरीबी बढ़ती जा रही है। लोगों में जागृति पैदा होना चाहिए। आज स्कूल में जाओ तो टीचर नहीं, अस्पताल में जाओ तो डॉक्टर नहीं मिलते। एक के बाद एक घोटाले उजागर हो रहे है।
चार्वाक की नीति पर चल रही भाजपा
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार चार्वाक की नीति पर चल रही है। चार्वाक ने कहा था कि कर्जा लो, घी पियो, मरने के बाद कोई नहीं पूछेगा। वैसे ही भाजपा कर्जा ले रही है, घी पी रही है और लोग मरने लग रहे है। आज प्रदेश पर कर्जा कई गुणा बढ़ गया है।
पंजाब जाकर एसवाईएल की बात क्यों नहीं कर रहे सीएम
हुड्डा ने कहा कि सीएम नायब सैनी पंजाब में जाकर बोल रहे हैं कि ये हो गया, वो हो गया, पहले अपने हरियाणा को तो संभाल लो। पंजाब चुनाव में जाकर क्यों एसवाईएल की बात नहीं कर रहे सीएम नायब सैनी। पंजाब में जा रहे हैं तो पहले हरियाणा के हक का पानी मांगे। क्यों नहीं बोलते वहां, क्योंकि भाजपा पानी लाना ही नहीं चाहती।
हताशा में अनाप शनाप बयान दे रहे ग्रोवर
रोहतक विधायक बीबी बत्रा ने कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर चुनावी हार की हताशा और कोई पद न मिलने के कराण हुड्डा को लेकर बयान दे रहे हैं, ताकि अपनी पार्टी को खुश कर सके। ग्रोवर को अपने बयानों पर संयम रखना चाहिए।
