केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि देश में बिजली की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रदेश में बिजली की कमी है, तो उसे अपने स्तर पर पूरा करना होगा। मनोहर लाल सोमवार को जींद के गांव बीबीपुर में ‘सेल्फी विद डॉक्टर’ अभियान के संस्थापक सुनील जागलान के घर पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की।

उन्होंने बिजली की मांग पर बात करते हुए बताया कि मई और जून में बिजली की मांग सबसे अधिक होती है। वर्ष 2024 में देश में बिजली की अधिकतम मांग 250 मेगावाट तक पहुंची थी, जिसमें सरकार 249 मेगावाट बिजली आपूर्ति करने में सक्षम रही थी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं छोटी-मोटी कमी रहती है, तो वह प्रदेशों की अपनी कमियों के कारण होती है।

बिजली की मांग घटकर 255 मेगावाट हुई

मनोहर लाल ने आगे कहा कि आमजन को भी पता है कि गर्मी के चरम पर बिजली का लोड अधिक रहता है, लेकिन सरकार रही कमियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 21 मई को बिजली की मांग 271 मेगावाट थी, जो अब घटकर 255 मेगावाट पर आ गई है।

‘पेट्रोल-डीजल बचाओ’ देश हित के लिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘पेट्रोल-डीजल बचाओ’ आह्वान पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आह्वान देश के हित के लिए है। उन्होंने अपने उदाहरण देते हुए कहा कि वह आज भी तीन गाड़ियों के काफिले में आए थे, और लोगों को अपने साथ गाड़ियों में जाने से मना कर देते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सोने की भी कम खरीद का आह्वान किया है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।