• कुरुक्षेत्र में अभय सिंह चौटाला करेंगे अगुआई, प्रधानमंत्री के नाम DC को देंगे ज्ञापन

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। पार्टी की ओर से जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

कुरुक्षेत्र में भी इनेलो कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि इनेलो के सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला खुद प्रदर्शन में शामिल होंगे। चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और DC के जरिए प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

महंगाई को लेकर प्रदर्शन

पार्टी का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी महंगा हो गया है। रसोई से लेकर खेती-किसानी तक हर वर्ग पर असर पड़ रहा है। सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल रही है।

भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए

पार्टी नेताओं के मुताबिक सिर्फ महंगाई ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा जाएगा। इसी को लेकर प्रदेशभर में जिलावार नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गई हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रदर्शन में शामिल हो सकें। जनता महंगाई से परेशान है और सड़कों पर उनका गुस्सा दिखाई देगा।

तेल की बढ़ी कीमतें वापस ले सरकार

इनेलो की ओर से सरकार से तेल की बढ़ी कीमतें तुरंत वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की जाएगी। इसी को लेकर प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन दिए जाएंगे।