- BJP की प्रदेशाध्यक्ष ने भद्रकाली मंदिर में टेका माथा:शक्तिपीठ कुरुक्षेत्र पहुंची
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज शुक्रवार को BJP की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता शक्तिपीठ श्री देवी कूप भद्रकाली मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने मां भद्रकाली के दरबार में माथा टेका और पूजा-अर्चना कर संगठन की मजबूती की कामना की। मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंदिर के पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने विधिवत पूजा करवाई।
मीडिया से बातचीत में अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक महिला कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। वह मां भद्रकाली का आशीर्वाद लेने आई हैं ताकि संगठन की जिम्मेदारी को पूरी ताकत और ईमानदारी के साथ निभा सकें।
जहां हारे, वहां मजबूत करेंगे संगठन- गुप्ता
प्रदेश अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पिछली बार कमजोर रही या चुनाव हार गई, वहां संगठन को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा ताकि आने वाले चुनावों में भाजपा हर सीट पर मजबूती के साथ उतरे।
संगठन में कोई बदलाव नहीं होगा
2029 के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी लगातार जीत की दिशा में काम कर रही है। अभी संगठन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। उस समय उनकी ड्यूटी भी लगी थी। बूथ अध्यक्षों से लेकर मंडल और जिला अध्यक्षों तक की नियुक्तियां हो चुकी हैं।
कार्यकर्ता संगठन की ताकत
अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। पार्टी में मेहनत और समर्पण से काम करने वाले कार्यकर्ता को हमेशा आगे बढ़ने का मौका मिलता है। वह भी एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़ी थीं और आज शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।
महिलाओं को राजनीति में लाएंगे
उन्होंने साफ कहा कि उनकी प्राथमिकता युवाओं और महिलाओं को राजनीति में ज्यादा से ज्यादा जोड़ने की रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान का जिक्र किया जिसमें युवाओं से राजनीति में आने की अपील की गई थी। भाजपा अब नए युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने के अभियान को और तेज करेगी।
पार्टी ने उनके बारे में सोचा
अर्चना गुप्ता ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता की पहचान उसकी मेहनत, लगन और ईमानदारी से होती है। जो कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करता है, पार्टी उसे आगे बढ़ाने का काम करती है। कुरुक्षेत्र के बाद अर्चना गुप्ता अंबाला के लिए रवाना हुईं। वहां पार्टी के एक कार्यकर्ता के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने जाना है। उसके बाद चंडीगढ़ में बैठक में शामिल होंगी।
