• पंजाब में 2027 का विस चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के कपूरथला में शेखूपुर स्थित ऐतिहासिक माता भद्रकाली मंदिर में माथा टेककर दोनों राज्यों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को बेहतर बताया और विधानसभा को लेकर पार्टी के तैयार होने की बात की।

दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम पासी के निवास स्थान पर आयोजित एक तीखी प्रेस वार्ता को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने पंजाब की ‘आप’ सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर जमकर राजनीतिक तीर चलाए पानी के बटवारे को लेकर साधा हुआ जवा दिया।

‘निकाय चुनावों में हुई बड़े पैमाने पर वोट चोरी’

प्रेस वार्ता के दौरान सीएम सैनी ने पंजाब सरकार को कानून व्यवस्था और चुनाव निष्पक्षता के मुद्दे पर आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में सरेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई गईं और बड़े पैमाने पर वोट चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) अंदरखाने एक-दूसरे से मिली हुई हैं। पंजाब सरकार ने ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव करवाकर खुद यह साबित कर दिया है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी संभावित हार से बुरी तरह डरी हुई थी।

2027 चुनाव अकेले लड़ेगी भाजपा, गठबंधन से इनकार

पंजाब में भाजपा के भविष्य और किसी अन्य दल के साथ गठबंधन के सवालों पर मुख्यमंत्री सैनी ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को पंजाब में अब किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन (Alliance) की कोई आवश्यकता नहीं है। पार्टी आगामी 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव पूरी तरह अपने दम पर अकेले लड़ेगी।

कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता, उन्हें आगे बढ़ाएगी पार्टी

उन्होंने विपक्ष के नेताओं के संपर्क में होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा केवल अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को ही आगे बढ़ाएगी। पंजाब भाजपा के नए संगठनात्मक ढांचे पर बोलते हुए सैनी ने भरोसा जताया कि नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के कुशल नेतृत्व में पंजाब के कोने-कोने में ‘कमल का फूल’ और अधिक मजबूती के साथ खिलेगा।

कैप्टन अमरिंदर सिंह हमारी पार्टी के शीर्ष नेता

पार्टी में मतभेदों और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया पर कहा कि भाजपा पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही कैप्टन समय-समय पर अपनी व्यक्तिगत राय रखते हों, लेकिन वह भाजपा के सबसे वरिष्ठ और शीर्ष नेताओं में शामिल हैं। पूरी पार्टी में उनका बेहद सम्मान है और सभी नेता मिलकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं।

‘भगवंत मान कलाकार हैं, शाम 5 बजे के बाद बनाते हैं रंगला पंजाब’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा और बेहद तीखा तंज कसते हुए नायब सिंह सैनी ने उन्हें महज एक कलाकार करार दिया। सैनी ने कहा कि भगवंत मान केवल मंचों पर तालियां बजवाने का काम करते हैं, लेकिन जनता जानती है कि सिर्फ तालियां बजाने से लोगों का पेट नहीं भरता।पंजाब में फैल रहा गैंगस्टवाद, नशा और बदहाली उनकी कार्यक्षमता सवाल खड़े कर रही है

शाम पांच बजे पर कसा तंज

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, राज्य में गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रोजाना शाम 5 बजे के बाद “रंगला पंजाब” बनाना शुरू कर देते हैं और उनकी इस हकीकत से पंजाब का बच्चा-बच्चा वाकिफ है।

पानी विवाद पर यू-टर्न: ‘पंजाब भी हमारी अपनी धरती’

पंजाब और हरियाणा के बीच दशकों पुराने पानी के गंभीर विवाद (SYL मुद्दा) पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने बेहद सधा हुआ और नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि पंजाब भी उनकी अपनी ही पवित्र धरती है।

उन्होंने कहा कि गुरुओं, पीरों और महान संत-महात्माओं से मिली सांझी सीख के अनुसार ही दोनों राज्यों के भाईचारे और हितों को ध्यान में रखकर आगे काम किया जाएगा। उन्होंने इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न करने की सलाह देते हुए कहा कि फिलहाल यह कोई बड़ा विवाद नहीं है और इसे अनावश्यक रूप से तूल नहीं दिया जाना चाहिए।