• हिसार में कहा- फोगाट पर दबाव बनाया गया, मां बनने के बाद उसे आराम नहीं मिला

हिसार स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने चैनत गांव में पेयजल संकट, विनेश फोगाट के एशियन गेम्स ट्रायल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से मोहनलाल बड़ौली को हटाने के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

एशियन गेम्स ट्रायल में हार के बाद विनेश फोगाट के समर्थन में बोलते हुए सांसद ने कहा कि विनेश हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश का गौरव हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेसलिंग फेडरेशन ने ट्रायल प्रक्रिया में ऐसी परिस्थितियां बनाई जिससे विनेश पर अनावश्यक दबाव पड़ा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयप्रकाश ने कहा कि हाल ही में मां बनने के बावजूद विनेश ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें पर्याप्त आराम का समय नहीं मिला। उन्होंने भाजपा पर खिलाड़ियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई खिलाड़ियों को आज तक उनके कैश अवॉर्ड तक नहीं मिले हैं।

चैनत गांव को पानी मिलना चाहिए

चैनत गांव में पेयजल समस्या को लेकर चल रहे धरने को लेकर जयप्रकाश ने कहा कि लोगों ने मजबूरी में आंदोलन का रास्ता अपनाया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केंद्र सरकार की है और सरकार की जिम्मेदारी है कि चैनत, नजत और भाटला समेत सभी प्रभावित गांवों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना था कि यदि प्रशासन और सत्ताधारी दल के नेता समय रहते ग्रामीणों से संवाद करते तो विवाद की स्थिति पैदा नहीं होती।

बड़ौली को हटाना भाजपा की आंतरिक कमजोरी

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से मोहनलाल बड़ौली को हटाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि बड़ौली का कार्यकाल पूरा नहीं हुआ था तो सरकार को बदलाव का कारण बताना चाहिए।

जयप्रकाश ने कहा कि यह फैसला भाजपा की आंतरिक कमजोरी को दर्शाता है और हरियाणा में पार्टी की स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रही है। उचाना विधानसभा चुनाव के सवाल पर जयप्रकाश ने कहा कि कांग्रेस की हार के पीछे कुछ कमियां रही हैं, जिनकी जानकारी वह पार्टी नेतृत्व को पहले ही दे चुके हैं।