- हुड्डा बोले-37 लाख वोटों में गड़बड़ी
हरियाणा कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से बुधवार शाम को 4 बजे विधायक दल की मीटिंग शुरू हुई जो करीब ढाई घंटे तक चली। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक में सबसे पहले 2 मिनट का मौन रखकर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी विधायकों ने स्व. भजनलाल को याद किया और उन्हें नमन किया।
बैठक में जनहित के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी रणनीति तय की गई। महंगाई की मार, पेट्रोल, डीजल और LPG की लगातार बढ़ती कीमतें, SIR, बैंक घोटाला, पेपर लीक, NEET परीक्षा, परीक्षा रद्द, भर्ती कैंसिल, CBSE पेपर चेकिंग, कानून व्यवस्था का बिगड़ता हाल, बिजली-पानी की किल्लत समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस विधायकों ने अपनी-अपनी बात रखी। सभी ने प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन का सुझाव दिया।
SIR के बाद प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगी कांग्रेस
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी को निर्देश दिए कि 15 जुलाई तक SIR में सभी विधायक, जिला स्तर के नेता और बीएलए पूरी ताकत के साथ सक्रिय भूमिका निभाएं। वो किसी भी तरह की गड़बड़ी के विरुद्ध अलर्ट रहें। सभी कांग्रेसजन सुनिश्चित करें कि कोई भी वैलिड वोट कटने ना पाए और गलत वोट बनने ना पाए।
बैठक के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हुड्डा ने बताया कि राज्यसभा चुनाव आयोग में धांधली के विरुद्ध पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है। साथ ही विधानसभा के बाहर सांकेतिक सदन चलाने के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष के नोटिस का जवाब दे दिया गया है। इसके बाद उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
15 जुलाई के बाद फिर होगी विधायक दल की बैठक
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि 15 जुलाई के बाद पुनः कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों का ऐलान किया जाएगा। इस दौरान जनता के समस्त मुद्दों को लेकर कांग्रेस “जन-जन तक” पहुंचेंगी। क्योंकि आज हर वर्ग इस सरकार की नीतियों और कारगुजारियों से त्राहि-त्राहि कर रहा है।
BLO-2 की कांग्रेस कर चुकी नियुक्ति
पूर्व सीएम ने बताया कि बैठक में मतदाता सूचियां के पुनर गहन निरीक्षक को लेकर भी विधायकों से बातचीत की गई है। हरियाणा में कांग्रेस ने BLO 2 की नियुक्ति की हुई है जो भारतीय चुनाव आयोग के स्टाफ साथ काम करेंगे। जिन जगहों पर कांग्रेस का विधायक नहीं है, वहां पर चुनाव में प्रत्याशी रहे लोग एसआईआर का काम देखेंगे। कांग्रेस पार्टी का मकसद सही वोट को काटने से रोकना, गलत वोट को बनाने से रोकना है।
37 लाख वोटरों के वोटों में गड़बड़ी
पूर्व सीएम ने कहा, हरियाणा में अभी तक 37 लाख मतदाताओं के वोट 2002 की वोटर लिस्ट से मैच नहीं हुए हैं। एक बड़ी गड़बड़ लग रही है। हरियाणा बीजेपी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के घुसपैठियों को बाहर निकालने के बयान पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिक्रिया।
कांग्रेस भी गलत वोटर का समर्थन नहीं करती है। पिछले 12 साल से हरियाणा में बीजेपी सरकार में है। बीजेपी बताएं कितने घुसपैठियों की पहचान हुई और कितनों को बाहर निकला गया।
