• पूर्व सीएम BJP पर नाराजगी जता चुके

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हमारे टच में हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और हमारे वरिष्ठ साथी हैं। कैप्टन और हुड्‌डा अच्छे दोस्त माने जाते हैं। इस वजह से कयास लगने लगे हैं कि कहीं हुड्‌डा कैप्टन की कांग्रेस में वापसी की कोशिश तो नहीं कर रहे।

कैप्टन के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा इसलिए तेज हुई कि वह लगातार कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं। कैप्टन का कहना है कि कांग्रेस में पंजाब को लेकर उनसे पूछा जाता था लेकिन भाजपा सीधे ऊपर से फैसले लेती है। यहां तक कि उनके बर्थडे और चचेरे भाई के निधन पर भी भाजपा से किसी ने न बधाई दी और न ही किसी ने शोक जताया।

इसके उलट राहुल गांधी ने उन्हें मैसेज कर पहले बधाई दी और बाद में चचेरे भाई के निधन पर हमदर्दी भी जताई। इसके अलावा कैप्टन ने केवल ढिल्लों को भाजपा का प्रधान बनाने पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा था कि उनमें पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने और संगठन चलाने की क्षमता नहीं है।

वहीं इस मामले में पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियेवाल ने कहा कि संपर्क में होना कोई बड़ी बात नहीं है। रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा तो कहती हैं कि हुड्‌डा किसी के संपर्क में नही रहते। हुड्‌डा ने सिर्फ संपर्क में होने की बात कही, इसके कोई और मायने नहीं निकाले जाने चाहिए।