• बाघला संभालेंगे टोहाना

फतेहाबाद जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठन की ओर से सभी 12 मंडलों के प्रभारियों की नियुक्ति की गई। प्रदेशाध्यक्ष बदलने के बाद नए सिरे से मंडल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा द्वारा नए मंडल प्रभारियों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। जिला परिषद चेयरपर्सन से लेकर नगर परिषद वाइस चेयरपर्सन तक को मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी और जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य से विचार-विमर्श और सलाह के बाद मंडल प्रभारियों की नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई जिम्मेदारियां मिलने से संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी।

नेताओं के चहेतों को भी मिला स्थान

मंडल प्रभारियों की नियुक्ति में पार्टी पदाधिकारियों को पूरी तवज्जो दी गई है। ज्यादातर पदाधिकारियों को ही मंडल प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। नियुक्तियों के तहत अनुसार इंद्र गावड़ी को फतेहाबाद नगर, भीम लांबा को फतेहाबाद ग्रामीण, नगर परिषद उप प्रधान सविता टूटेजा को भट्टू और अनिल सिहाग को भूना मंडल का प्रभारी बनाया गया है।

रतिया-टोहाना में इनको मिला जिम्मा

इसी तरह निर्मल सिंह को रतिया नगर, विनोद जांगड़ा को रतिया ग्रामीण, जगदीश शर्मा को भिरड़ाना, जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़ को नागपुर, विज्ञानसागर बाघला को टोहाना नगर, जगजीत सिंह को टोहाना ग्रामीण, लख्मी शर्मा को सनियाना और संजय रेवड़ी को जाखल मंडल का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सौंपा जिम्मा- जोड़ा

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने सभी नवनियुक्त मंडल प्रभारियों से संगठन हित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।