- बीजेपी गठबंधन पर अजय चौटाला का बयान वायरल
जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला का एक बयान वायरल है। अजय चौटाला ने मीडिया को दिए बयान में बीजेपी के साथ गठबंधन फैसले पर कहा है कि कई बार गलत और सही का आंकलन बाद में होता है और हम भारतीय जनता पार्टी के साथ कभी बड़े तो कभी छोटे सहयोगी के तौर पर काम करते रहे हैं।
जब हमने ये फैसला लिया तो उचित था, पर लोगों ने उसे उचित नहीं माना। उसकी सजा हमें मिली। उसका खामियाजा हमने भुगत लिया। पूरी तरह से निष्कर्ष निकालकर बताया है कि जहां-जहां बीजेपी का आंदोलन था, वहां पर लोगों ने बीजेपी को जीताने का काम किया है और हमें हराने का काम किया है। हम जनता के बीच जा रहे हैं और वापसी करेंगे।
दीपेंद्र हुड्डा द्वारा जजपा को बीजेपी की बी-टीम बताने पर अजय बोले, जो बी-टीम है, उसे नहीं बताते, क्योंकि ये लोग मिलीभगत का खेल खेलते हैं। बी-टीम तो वो स्वयं है, जिनकी वजह से भाजपा आज प्रदेश में राज कर रही है। यह बयान उन्होंने रोहतक के गोहाना में दिया है। इस पर उनके समर्थकों व लोगों ने पोस्ट में कमेंट कर समर्थन किया है।
जनगणना में आय पता लगाना सरकार का अगला षडयंत्र : अजय
अजय चौटाला ने जनगणना पर भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनगणना के फार्म में 33 कॉलम है। जनगणना में ये पूछा जाता कि परिवार के सदस्य कितने है और जाति क्या है। इसमें ये भी पूछा जाता है कि आपका मकान कौन सा है, आपके मकान में फर्श कौन सा लगा है और गाय-भैंस कितने हैं और गाड़ी कौन सी है।
इससे आपका आय का स्त्रोत का डाटा पता लगे हैं, ताकि बुढ़ापा पेंशन काट सके और बीपीएल कार्ड भी काट सके। ये सरकार का अगला षडयंत्र है।
कहा था-जेन-जी का समय, इनको दौड़ाकर पीटना होगा
इससे पहले भी जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला भाजपा पर तंज कस चुके हैं। अजय चौटाला ने सिरसा और महेंद्रगढ़ में मंच से संबोधन में कहा था कि अब जेन-जी का समय है। अब युवा जागरूक हो चुका है।
चौटाला ने कहा था- “नौजवानों तैयार रहो। युवाओं ने ही नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में तख्तापलट किया था। हमें उसी तरह मौका आने पर इन शासकों को गद्दी से उतारकर सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना होगा। देश छोड़ने पर मजबूर करना होगा। युवाओं के संगठित होने पर ही इन कु-शासकों से पीछा छूटेगा। प्रदेश का मुखिया अपनी मस्ती में मस्त है। दोनों हाथों से प्रदेश लूट रहे हैं।”
