• हरियाणा में खाली पदों का आंकड़ा सार्वजनिक करे सरकार

सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने हिसार स्थित लुवास (लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय) में सफाई कर्मी के एक पद के लिए बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं द्वारा आवेदन किए जाने को प्रदेश में रोजगार संकट का गंभीर संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना हरियाणा में रोजगार के अवसरों की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।

मीडिया को जारी बयान में सैलजा ने कहा कि जिस पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई थी, उसके लिए एमए, बीएड, एमफिल और अन्य उच्च शिक्षित युवा परीक्षा देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भर्ती प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं की मजबूरी और रोजगार की कमी की तस्वीर है।

सैलजा ने सवाल उठाया कि जब उच्च शिक्षित युवा भी चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए आवेदन करने को मजबूर हैं, तो कम शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कहां बचेंगे। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में रोजगार सृजन की गति युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।

भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से बढ़ रही युवाओं की निराशा

सांसद ने कहा कि सफाई कर्मी जैसे पद के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में अपेक्षाकृत उच्च स्तर के प्रश्न पूछे जाने और भर्ती प्रक्रियाओं में वर्षों तक लगने वाली देरी ने भी युवाओं में निराशा बढ़ाई है। कई अभ्यर्थी लंबे समय तक भर्ती पूरी होने का इंतजार करते रहते हैं, जिससे उनकी आयु और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं।

उन्होंने राज्य सरकार से सभी विभागों में रिक्त पदों का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक करने, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब समाप्त करने तथा रोजगार सृजन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। सैलजा ने कहा कि हरियाणा का युवा केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार के वास्तविक अवसर चाहता है।

महम फायरिंग घटना पर भी जताई चिंता

कुमारी सैलजा ने रोहतक जिले के महम में कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग की घटना को प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का चिंताजनक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जब किसी विधायक के कार्यालय के बाहर, वह भी थाने से कुछ दूरी पर, खुलेआम फायरिंग हो सकती है तो आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

सरकार से सुरक्षा-कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग

सैलजा ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही गोलीबारी, लूट और फिरौती जैसी घटनाएं कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता बढ़ा रही हैं। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रोहतक में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उन्होंने प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया।