- मुख्यमंत्री पगड़ी पहनकर पंजाब घूम रहे
रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सीएम नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए कहा कि सीएम नायब सैनी को हरियाणा में तो कुछ मिलता नहीं, इसलिए पंजाब घूम रहे है। पगड़ी पहनकर पंजाब जाते हैं। सीएम की पगड़ी देखकर ऐसा लगता है कि पगड़ी पहनकर ही सोते होंगे और सुबह 4 बजे उठकर पंजाब चले जाते हैं।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि महम में कांग्रेस के आफिस पर हमला हुआ, यानि कांग्रेस के सभी नेताओं पर हमला हुआ। यह एक संकेत है कि कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। आज अपराध अपनी चरम सीमा पर है। प्रदेश में आर्गेनाइज क्राइम हो रहा है। गैंग बने हुए है, गोली चलाकर वीडियो भी सोशल मीडिया पर डालते हैं।
प्रदेश में 60 गैंग कर रहे काम
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में करीब 60 गैंग्स का आतंक है। जिसने फायरिंग करवाई, वह रशिया में बैठा है, उसका गुर्गा पकड़ा गया है। आर्गेनाइज गैंग्स बहुत खतरनाक हैं। आज हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित प्रदेश बना हुआ है। इससे हर वर्ग असुरक्षित है। विधायक कार्यालय पर फायरिंग होना चिंता की बात है, उन्हें विशेष सुरक्षा मिलनी चाहिए।
2005 से पहले जेल से चलते थे आदेश
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि गैंगस्टर फिरौती मांग रहे हैं, उन्हें सरकार का कोई डर नहीं है। 2005 से पहले जेल से आदेश चलते थे। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी तो बदमाशों को साफ कह दिया था कि या तो बदमाशी छोड़ दें या प्रदेश छोड़ दें। तब बदमाश प्रदेश छोड़ गए थे। कांग्रेस कार्यालय पर फायरिंग मामले में एसपी ने अच्छा काम किया है, लेकिन प्रदेश के हालात खराब हैं।
इस्तीफा देकर चुनाव लड़े पार्टी छोड़ने वाले नेता
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जो लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं, उन्हें इस्तीफा देकर चुनाव लड़ना चाहिए। कांग्रेस ने 5 विधायकों ने जब राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट दिया था तो उन्हें भी इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने के लिए कहा था। देश के लिए मजबूत लोगों की जरूरत है और मजबूत विपक्ष होना चाहिए।
भाजपा ने 12 साल में कोई काम नहीं किया
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने 12 साल से कोई काम नहीं किया। भाजपा ने केवल एक ही काम किया कि हर जिले में भाजपा कार्यालय बना लिए। आज प्रदेश में नॉन परफार्मिंग सरकार है। विकास के तीनों पैमानों में से एक पर भी भाजपा खरी नहीं उतरी।
