- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष का प्रदर्शन, हंगामा लोकसभा में जन्म-मृत्यु बिल पास
विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे।
राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने दानपेटी में चंदा डाला। साथ ही विपक्षी सांसद बैनर लेकर पहुंचे जिसमें ‘अमित शाह संसद से गायब क्यों’ लिखा हुआ था।
इधर लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026 को पास कराने का प्रस्ताव रखा। बिल ध्वनि मत से पास हुआ। लोकसभा और राज्यसभा तीन अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा तीन अगस्त तक स्थगित
लोकसभा में जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026 पास हुआ। इसके बाद विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा तीन अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।
रिजिजू बोले- सदन में बिल पर चर्चा करें, हंगामा नहीं
किरेन रिजिजू ने कहा कि हम चाहते हैं कि भविष्य में ऐसा न हो। आप चर्चा में शामिल नहीं होते और बाहर जाकर कहते हैं कि सरकार चर्चा नहीं कराती। अगला बिल लेकर आएंगे और आप हंगामा करेंगे तो अच्छा नहीं होगा। चर्चा करें, हंगामा ना करें।
राहुल बोले- जेन-जी को डराया जा रहा
राहुल गांधी ने शुक्रवार को X पर लिखा, ‘PM मोदी और अमित शाह आप Gen Z को चुप रहने के लिए धमका नहीं सकते। पहले आपने उनकी हड्डियां तोड़ीं।’
उन्होंने कहा, ‘अब आप FIR कर रहे हैं। उनके अकाउंट बंद कर रहे हैं। आप भारत का अतीत हैं। भारत के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, इस बारे में सावधान रहें।’
लोकसभा में राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है।
अनुराग का आरोप है कि राहुल गांधी ने को गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। गंभीर व बेबुनियाद आरोप लगाए।
दरअसल, बुधवार को राहुल ने पेपर लीक संशोधन बिल पर बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल के भाषण के एक हिस्से को स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही से हटा दिया था।
