• कहा- एथेनॉल या पेपर लीक पर बोलने वालों का अकाउंट बंद किया जा रहा

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने उन लोगों से भी संपर्क करने की अपील की है जो इसी तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेटा के भारत स्थित कार्यालय में पूछताछ करने पर पता चला कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित है और भारत में उपलब्ध नहीं है।

केजरीवाल ने कहा कि जो भी व्यक्ति एथेनॉल या पेपर लीक के खिलाफ बोल रहा है, उसके अकाउंट को दबाया जा रहा है। मेटा इस तरह की बदमाशी न करे और मोदी जी के सामने न घुटने न टेके।

अकाउंट स्टेटस दिखाया

केजरीवाल ने अपने अकाउंट स्टेटस पेज का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है। इसमें ‘अनअवेलेबल इन सम लोकेशन्स’ (कुछ स्थानों पर उपलब्ध नहीं) का मैसेज दिखाई दे रहा है।

मेटा की सर्विस पर उठाए सवाल

केजरीवाल ने मेटा की ओर से स्पष्टता न होने और कोई जवाब न मिलने को खराब सर्विस बताया है। इस मामले पर मेटा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।