• पोस्टर में MP से पहले पूर्व मंत्री बीरेंद्र का फोटो, जिलाध्यक्ष-बृजेंद्र ने बुलाई बैठक

सिरसा कांग्रेस के पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव नजर आने वाला है। अभी तक कांग्रेस में सैलजा और हुड्‌डा दो ही गुट चल रहे थे, लेकिन अब सिरसा में तीसरा गुट बनने की तैयारी में है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल ने पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने हाथ मिला लिया है। तीनों ने सिरसा में पार्टी वर्कर और नेताओं की 9 अगस्त को मीटिंग बुलाई है। इसमें बड़ा ऐलान किए जाने का दावा किया जा रहा है।

इसे लेकर जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल जिले के सभी हलकों में दौरा कर रही है और मीटिंग में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पहुंचने का निमंत्रण दिया जा रहा है। साथ ही वर्करों से मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए नाम लिए जा रहे हैं। इन नामों का पैनल बनाकर इसी मीटिंग में मंडल अध्यक्षों का ऐलान किया जा सकता है, इससे वर्करों में जोश है।

मगर इन मीटिंग में न विधायक या प्रत्याशी या न उनके समर्थक पहुंच रहे हैं, परंतु मंडल अध्यक्ष बनने की दौड़ में कई पुराने वर्कर एवं वरिष्ठ नेता है। इस बार पार्टी संगठन ने मंडल अध्यक्ष बनाने की पावर जिलाध्यक्षों को सौंपी है। जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल ने रानियां, कालांवाली के बाद सिरसा हलके के वर्करों की मीटिंग बुलाई है।

पार्टी पोस्टर में ये बदलाव

इन दिनों जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल ने पार्टी पोस्टर में भी बदलाव कर दिया है। पोस्टर में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह का फोटो भी नजर आने लगा है और वो भी सांसद कुमारी सैलजा के फोटो से पहले लगा है। वरना पहले पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह का फोटो देखने को नहीं मिला।

बृजेंद्र सिंह का सद्भावना यात्रा के बाद दूसरा दौरा

पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का सिरसा में सद्भावना यात्रा के बाद यह दूसरा दौरा है। करीब चार माह पहले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने सिरसा में मार्च माह में दो से तीन दिवसीय सद्भावना यात्रा निकाली थी। जिसमें विधायकों के न यात्रा में शामिल न होने पर उन्होंने कहा था, उनको कोई फर्क नहीं पड़ता, हम इन चीजों से बहुत आगे जा चुके हैं।

इससे विधायक गोकुल सेतिया व अन्य विधायकों ने नाराजगी जताई थी। आखिर में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मामले में बयान दिया था कि वे दोनों से बात करेंगे।

विधायक गोकुल और बृजेंद्र में चली थी बयानबाजी

इस यात्रा के बाद सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के बीच खूब बयानबाजी चली थी और दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। विधायक गोकुल ने पूर्व सांसद पर बयान में कहा था, पहले बीजेपी में रहकर मलाई खाई और अब कांग्रेस में आकर दाढ़ी बढ़ाकर पार्टी को मजबूत करने की बात कर रहे हैं। अब सिरसा दौरे के बाद ये सियासी टकराव एक बार फिर हो सकता है।

जिलाध्यक्ष संतोष के द्वारा बृजेंद्र सिंह के साथ मीटिंग बुलाने के चलते पहले ही विधायक सेतिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर चेता दिया है कि जिलाध्यक्ष हमारी बहन है, परंतु हमारे राजनीतिक विचार एवं सोच अलग है। हम एक साथ नहीं चल सकते।