•  विधानसभा में मुख्यमंत्री पूछेंगे वर्ग की बात

कैथल में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के विशेष वर्ग के बयान पर पलटवार किया। चौटाला ने कहा कि जिस विशेष वर्ग की बात कर रही हैं वो अन्नदाता है और जिस दिन अन्नदाता ने फैसला कर लिया कि तुम्हारा दिमाग दुरुस्त करना है, वो हो जाएगा। प्रदेश की पार्टी की अध्यक्ष को सोच समझकर बोलना चाहिए। खासकर महिला को तो जरूर ध्यान रखना चाहिए। इनेलो विधानसभा में मुख्यमंत्री से जरूर पूछेगी किसको विशेष वर्ग की बात कही गई है।

आरकेएम पैलेस में बैठक हुई

चौटाला आज नेशनल लोकदल (इनेलो) की जिला स्तरीय बैठक में पहुंचे थे। इस बैठक में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक कैथल के अंबाला रोड स्थित आरकेएम पैलेस में हुई। इसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई। इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने ताऊ देवीलाल की 113वीं जयंती के अवसर पर 27 सितंबर को नूंह में आयोजित होने वाली सम्मान दिवस रैली का निमंत्रण भी दिया।

चौटाला ने कहा कि इनेलो हमेशा किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, कर्मचारी और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। पार्टी का संगठनात्मक ढांचा लगातार कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उन्हें जोड़ने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी को मजबूती मिलती है।

सरकार बड़े-बड़े दावों और घोषणाओं में व्यस्त

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावों और घोषणाओं में व्यस्त है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर परेशान है। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा व जिलाध्यक्ष अनिल तंवर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया।