• कुरुक्षेत्र जाते समय करनाल में रुके राज बब्बर

फिल्म अभिनेता और कांग्रेस नेता राज बब्बर ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आज सरकार फेल है। वादे बहुत किए गए, लेकिन सामने कुछ नहीं आया। टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है, इसलिए अभी ज्यादा टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। ईश्वर का साथ रहा और बच्चा बच गया। कांग्रेस नेताओं ने राज बब्बर को कुरूक्षेत्र जाते वक्त करनाल में कर्ण लेक के पास रोककर स्वागत किया।

राज बब्बर ने कहा कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में अभी पुलिस जांच कर रही है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले इस पर ज्यादा टिप्पणी करना ठीक नहीं है। उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि ईश्वर ने साथ दिया और बच्चा बच गया।

वोट चोरी के आरोपों पर भाजपा को जवाब

कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों और भाजपा की ओर से किए जा रहे पलटवार पर राज बब्बर ने कहा कि सवाल यह नहीं है कि सरकार बनी या नहीं बनी, बल्कि हरियाणा में जितने वोट पड़े, उससे ज्यादा परिणाम निकाला गया। उन्होंने दावा किया कि उनकी अपनी विधानसभा में भी पड़े वोटों से ज्यादा वोट गिनकर किसी को विजयी घोषित किया गया।

एक मकान में 300-300 वोट बनाने का आरोप

राज बब्बर ने आरोप लगाया कि एक मकान में 300-300 वोट बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे खुलासे हो रहे हैं। हमारे खुलासा करने से क्या होगा? चुनाव आयोग जो कह रहा है, राहुल गांधी भी यही कह रहे हैं कि जो गलत है, उसे बताया जाए।