- दिग्विजय ने कहा-अर्चना पढ़ी-लिखी होकर नासमझ है
इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कुर्ता-पजामा वाले बयान पर मीडिया को दिए बयान में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मैडम को शायद इस बात की जानकारी नहीं है। जिस विशेष वर्ग की बात कर रहीं है, वो अन्नदाता है। जिस दिन अन्नदाता ने ये फैसला कर लिया कि तुम्हारा दिमाग दुरुस्त करना है। दुरस्त हो जाएगा।
जब ये बात अर्चना गुप्ता जी से भिवानी में पूछी और ये भी पूछा कि आप विशेष वर्ग, विशेष जाति किसकी बात कर रहे हैं तो जान छूटानी मुश्किल हो गई थी। एक प्रदेश की अध्यक्ष, जो रूलिंग (सत्ताधारी) पार्टी है, उसको सोच-समझकर बोलना चाहिए। महिला है, महिला को तो और ज्यादा सोच-समझकर बात करनी चाहिए। इनेलो हर हाल में ये मुद्दा उठाएगी और जवाब लेंगे और सरकार से पूछेंगे कि किस जाति विशेष की बात कर रही है।
दिग्विजय बोले- अर्चना गुप्ता को डॉक्टर की उपाधि किसने दी
इधर, जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कुर्ता-पजामा वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता को डॉक्टर की उपाधि किसने दे दी, ये ही सवाल है। डॉक्टर का कोई धर्म या जाति नहीं होती। अर्चना गुप्ता को अपनी मानसिकता में सुधार लाने की जरूरत है। ये कुर्ता-पजामा हरियाणा की शान है। इस बयान का वीडियो भी जारी हुआ है।
इस बयान के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के प्रति लोगों में रोष का माहौल है। खासकर इनेलो और जजपा वर्करों में आक्रोश है। वहीं, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद राजकुमार सैनी से संपर्क किया गया तो कुछ देर बाद में बात करने को कहा है।
जानिए दिग्विजय ने क्या कहा…
‘ये रूढ़िवादी मानसिकता वाले लोग है’
दिग्विजय चौटाला बोले, ऐसा है ये रूढ़िवादी मानसिकता वाले लोग है। ये डॉक्टर की उपाधि कहां से मिली है, इन्हें पूछना चाहिए। डॉक्टर को तो हम भगवान का रूप मानते हैं। डॉक्टर की धर्म और जाति नहीं होती। डॉक्टर अर्चना गुप्ता ये कहती है विशेष वर्ग की बात कर रही है। विशेष वर्ग की बात से राजनीति नहीं होती। 36 बिरादरी से राजनीति होती है। मैं तो इन्हें अनपढ़ मानता हूं। ये पढ़े-लिखे डॉक्टर लगा रहे हैं। ये अनपढ़ है, नासमझ है।
राजकुमार सैनी का दूसरा रूप
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि मैं हरियाणा प्रदेश के लाखों-करोड़ों युवाओं से कहूंगा कि इनके बहकावे में मत आ जाना। ये राजकुमार सैनी का दूसरा रूप है, ये रामचंद्र जांगड़ा का दूसरा रूप है अर्चना गुप्ता। इससे बचकर रहना भाईयों। हरियाणा को फिर से आग लगाना चाहती है। ये हरियाणा को बांटना चाहती है।
गंवाई हुई जगह पाना मुश्किल होता है
जजपा के यूथ प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि खुंटी पर तो किसके कपड़े टंगेंगे। ये तो समय बताएगा, हालात बताएंगे। मगर अर्चना गुप्ता जी अपनी वाणी में, अपनी सोच और मानसिकता में सुधार ले आओ। अन्यथा जो हैं, ये पद आते-जाते रहते हैं। मैं ये मानता हूं कि लोगों के मन में गंवाई हुई जगह वापस पाना बहुत असंभव हो जाता है, मुश्किल हो जाता है।
पानीपत में दिया था बयान, बीजेपी से नहीं बयान
पानीपत में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पिछली हुड्डा और इनेलो सरकारों में एक विशेष वर्ग सक्रिय था, जो सुबह-सुबह कलफ लगे कुर्ते-पायजामे पहनकर लघु सचिवालय पहुंच जाता था। ये लोग बिचौलियों, दलालों और ‘सेटिंग’ कराने का काम करते थे।
बिचौलियों की दुकानदारी पूरी तरह बंद हो चुकी है और अब उनके कुर्ते-पजामे खूंटियों पर टंग गए हैं। किसी बिचौलिये या ‘विशेष वर्ग’ के हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं उठता। पिछले कुछ दिनों से वे विवादित बयानों से विवादों में घिरीं है। इस पर किसी बीजेपी नेता का भी इनके पक्ष में बयान नहीं आया है।
