- बोले- JJP छात्र संगठन को लेकर गंभीर नहीं
रेवाड़ी में जननायक जनता पार्टी (JJP) को झटका लगा है। INSO के प्रदेश प्रभारी रवि मसीत और जिला प्रधान युगल यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी बदलने का फैसला लेने की बात कही।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद रवि मसीत ने NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से मुलाकात की। इस दौरान सांसद वरुण चौधरी भी मौजूद रहे।
पार्टी नेतृत्व से सहयोग नहीं मिलने का दावा
रवि मसीत ने कहा कि वह छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करना चाहते थे, लेकिन इसके लिए पार्टी नेतृत्व का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि जजपा नेतृत्व छात्र संगठन को लेकर गंभीर नहीं है। उनके अनुसार, छात्र इकाई युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से नहीं उठा पा रही थी।
उन्होंने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पिछले एक साल से छात्र इकाई के साथ कोई बैठक नहीं की। संगठन की लगातार अनदेखी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
2013 में INSO से जुड़े थे रवि मसीत
रवि मसीत वर्ष 2013 में INSO से जुड़े थे। वर्ष 2017 से 2023 तक उन्होंने लगातार 6 साल रेवाड़ी की इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में प्रधान के तौर पर काम किया। 24 फरवरी 2023 को उन्हें INSO का प्रदेश प्रभारी बनाया गया था। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर काम किया।
अन्य पदाधिकारियों के कांग्रेस में आने का दावा
कांग्रेस में शामिल होने के बाद रवि मसीत ने कहा कि अब दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी INSO के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल होंगे। कार्यक्रम में सांसद जयप्रकाश समेत कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
