- चंडीगढ़ में समारोह 3 साल का कार्यकाल, मंत्री कृष्ण बेदी रहेंगे शामिल
हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष बंतो कटारिया सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी। आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष और सदस्यों के लिए औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी भी मौजूद रहेंगे।
शपथ ग्रहण के साथ ही बंतो कटारिया औपचारिक रूप से हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। आयोग का उद्देश्य प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा करना तथा उनके हितों से जुड़े मामलों की निगरानी करना है।
3 साल का होगा कार्यकाल
हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 3 वर्ष का होता है। ऐसे में बंतो कटारिया का कार्यकाल शपथ ग्रहण और पदभार संभालने की तिथि से प्रभावी माना जाएगा। इनके साथ ही उपाध्यक्ष रेनू डाबल का कार्यकाल भी उसी दौरान रहेगा।
नए अध्यक्ष के सामने रहेंगी कई अहम जिम्मेदारियां
बंतो कटारिया के कार्यभार संभालने के बाद आयोग के सामने अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा, शिकायतों का समयबद्ध निपटारा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी जैसी अहम जिम्मेदारियां रहेंगी।
आयोग की सक्रियता से प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े मुद्दों को संस्थागत स्तर पर उठाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
