- कॉलोनी समस्या पर मिलाया था फोन, बदली की चेतावनी दी, कहा-ऑफिस आकर बैठ जाऊंगा
सिरसा में पेयजल समस्या को लेकर विधायक गोकुल सेतिया और जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन के बीच फोन पर तीखी बहस हो गई। रविवार शाम अग्रवाल कॉलोनी के लोगों ने विधायक के सामने तीन साल पहले बिछाई सीवरेज पाइप लाइन नहीं जुड़ने की समस्या रखी। इस पर विधायक ने एक्सईएन को फोन किया और शिकायतकर्ता से बात करवाई।
मामला समझाने के बाद एक्सईएन हां हो जाएगा, ये कहने लगे। इस पर विधायक बोले, आपने पूरा मामला समझा ही नहीं तो कर क्या देंगे? विधायक बोले, ये आप गोली देने वाला काम कर रहे हैं और ठीक नहीं है। इसी बातचीत के दौरान बदली कराने की बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। विधायक ने कहा कि वह खुद दफ्तर आकर बैठेंगे और काम नहीं होने पर अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।
वहीं, पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन सतीश कुमार के पास सिरसा जन स्वास्थ्य विभाग में सीवरेज का अतिरिक्त कार्यभार है। उनको हेड ऑफिस पंचकूला में अटैच किया हुआ है। आज सोमवार को अग्रवाल कॉलोनी के लोगों को समस्या का समाधान के लिए बुलाया गया है।
हमें हाईवे वालों से परमिशन लेनी
शुरूआत में विधायक के फोन से स्थानीय निवासी ने एक्सईएन को पूरा मामला बताया और कहा, हमारी अग्रवाल कॉलोनी में गली नंबर चार में तीन साल पहले लाइन डाली गई थी। सुर्खाब चौक के पास वह सीवरेज लाइन आ गई। अब विभाग वाले कहते हैं कि हमें हाईवे वालों से परमिशन लेनी है। अब तक परमिशन नहीं मिली।
कई बार उनको कह चुके, लेकिन उस सीवरेज लाइन को अग्रवाल कॉलोनी से नहीं जोड़ा। होटल वाली गली में लाइन चेक करवाने को कहा था, उसे भी चेक नहीं कराया। नंदन वाटिका से नई लाइन डाली थी, पर उसे जोड़ा ही नहीं। उसमें जोड़ देते तो हल हो जाता। इसके बाद विधायक व एक्सईएन में सीधी डिबेट शुरू हो गई।
मैं आकर बैठ गया, तो पसीना आएगा
एक्सईएन विधायक से फोन पर बोले, आपको ऐसा लगता है, तो बदली करवा दोगे और इससे क्या होगा। इस पर विधायक गोकुल जवाब में बोले, बदली-बुदली तो मैं छोड़ो, मैं बदली नहीं करवाता हूं। मैं दफ्तार आकर बैठता होता हूं। अगर मैं दफ्तर आकर बैठ गया तो आपको कहीं न कहीं पसीना आएगा।
सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला
विधायक और एक्सईएन के बीच बातचीत
एक्सईएन साहब आप जो बदली वाली बात कह रहे हो, उसका जवाब दे रहा हूं। बेशक मैं ऐसा आदमी हूं, आज संडे हैं। वरना मैं ऑफिस आकर बैठ जाता और आपको पसीना आएगा। आप भी पब्लिक सर्वेंट हो और मैं भी पब्लिक सर्वेंट हूं। आपको जब मुद्दा बता रहे हैं तो आप कहते हो कि करा दूंगा, करा दूंगा।
आपको मसला ही समझ नहीं आ रहा कि हम क्या कह रहे हैं। आप करा कैसे दोगे और ये किसी और पॉलटिशयन को बोलना बदली वाली बात। मैं तो दफ्तर आकर बैठता हूं और मुझे पसीना निकलवाना आता है। आप ये मेरी बात नोट कर लेना। अगर कोई लोगों का काम नहीं करेगा ना तो मुझे अफसरों का पसीना निकलवाना आता है।
कहूं तो मंत्री को बोल दूं
विधायक सेतिया बोले, आपने (एक्सईएन) ना नहीं की, लेकिन आप कह रहे हो ना कि मेरी बदली करवा दो। आप कॉल होल्ड पर रख लो, आपके मंत्री को कह देता हूं कि मैं काम नहीं कहता। काम होना चाहिए, नहीं तो मैं दफ्तर आकर बैठूंगा। नहीं, विश्वास तो करना पड़ेगा। आपके इस रिस्पांश पर आपका विशेष तौर पर ध्यान रखूंगा। ये काम होना चाहिए एक्सईएन साहब।
विधायक बोले, करना होगा तो कहा था कि चेक करा लेंगे : एक्सईएन
मामले में पब्लिक हेल्थ से एक्सईएन सतीश कुमार ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, अग्रसेन कॉलोनी की गली नंबर चार का सीवरेज का कनेक्शन का मामला था। वे दूसरी लाइन से कनेक्शन करवाना चाहते हैं। इसके लिए आमजन को ऑनलाइन आवेदन करना होता है और विभागीय टीम वेरिफिकेशन करती है कि कनेक्शन हो सकता है या नहीं।
विधायक का फोन आया था, उनके सामने किसी ने समस्या रखी होगी तो फोन कर दिया। उनको आज ऑफिस में बुलाया है और जो ठीक होगा, वो किया जाएगा। विधायक कहने लगे कि ये करना है तो इसी बात पर कहा था कि चेक करा लेंगे, जो होगा, उसे चेक कराया जाएगा। कनेक्शन के लिए पहले देखना पड़ता है कि दूसरी लाइन से संभव है या नहीं।
