• शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का कांग्रेस पर जुबानी हमला

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सोनीपत के गोहाना में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे और कांग्रेस पर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल, कल्याणकारी योजनाओं, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति और रोजगारपरक शिक्षा को लेकर सरकार का पक्ष रखा।

उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए ठोस सबूत पेश करने की मांग की। इसके साथ ही पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति बताते हुए नशे पर रोक, किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद और विकास को प्रमुख मुद्दा बताया।

ढांडा बोले- भाजपा ने घोषणा पत्र के वादे पूरे किए

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पात्र महिलाओं को लाभ देने के लिए आय सीमा बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपए तक की गई है।

इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब से गरीब व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता का भरोसा बनाए रखना है।

नई शिक्षा नीति लागू, रोजगारपरक शिक्षा पर जोर

महिपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की जा चुकी है। सरकार का जोर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने पर है। उन्होंने बताया कि उद्योगों की जरूरतों के अनुसार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 509 एमओयू किए गए हैं।

शिक्षा मंत्री ने परीक्षा परिणामों में सुधार का दावा करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव आया है और आने वाले वर्षों में रोजगारपरक शिक्षा के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस से मांगे सबूत

कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर शिक्षा मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खुद पर भरोसा नहीं है और उसके पास आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने बैलेट पेपर से हुए चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस के दावों पर सवाल उठाए। ढांडा ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले आरोपों के समर्थन में तथ्य सामने रखने चाहिए।

एसआईआर प्रक्रिया का किया समर्थन

महिपाल ढांडा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने और स्थान बदल चुके लोगों के रिकॉर्ड दुरुस्त करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कांग्रेस से अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत पेश करने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है, जो कि गलत है।

पंजाब चुनाव में नशा, एमएसपी और विकास होंगे मुद्दे

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पंजाब में नशे की समस्या पर रोक लगाने, किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने और आतंकवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और अपने वादों को पूरा करने के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करना चाहती है।