कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने रविवार को करनाल के गगसीना गांव में आयोजित एकता दिवस कार्यक्रम में प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हांसी में 15 अगस्त को किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई, युवाओं के आंदोलन और दलित मुद्दे को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को अपना अहंकार छोड़कर जमीन पर उतरना होगा। हेलीकॉप्टर से उतरकर और चुटकुले सुनाने से फुर्सत नहीं मिली तो हरियाणा के लोग वह दिन दूर नहीं, जब आपको अर्श से फर्श पर ले आएंगे।
किसानों पर कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा
सुरजेवाला ने हांसी में 15 अगस्त को हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वहां झंडा फहराने गए थे। ऐसे मौके पर उन्हें जीवन कुंडू हत्याकांड के पीड़ित परिवार और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत करनी चाहिए थी। जिस परिवार का सदस्य मारा गया हो, उसके भीतर गुस्सा और रोष होना स्वाभाविक है। मुख्यमंत्री को अभिभावक की भूमिका निभाते हुए उनसे मिलना चाहिए था, न कि पुलिस द्वारा लाठियां चलवानी चाहिए थीं।
बोले- युवाओं का कसूर क्या है?
कांग्रेस नेता ने देश में युवाओं के आंदोलनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज देश का युवा परेशान, विचलित और दुखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने हक और रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर पुलिस की लाठियां, अश्रुगैस और अन्य बल प्रयोग किया गया।
सुरजेवाला ने कहा कि युवा सरकार से केवल यह मांग कर रहे हैं कि उनके पास शिक्षा, हुनर और काबिलियत है, लेकिन उन्हें न्याय और अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने सवाल किया कि आखिर युवाओं का कसूर क्या है?
कुर्ता-पायजामा और पगड़ी पर टिप्पणी का भी जिक्र
सुरजेवाला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कुर्ता-पायजामा और पगड़ी को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कुर्ता-पायजामा, पगड़ी और खंडा हरियाणा की संस्कृति और बुजुर्गों की शान का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और हरियाणवी संस्कृति का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुरजेवाला ने कहा कि यदि सरकार इसी तरह लोगों की आवाज दबाएगी तो प्रदेश में अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती है।
केंद्रीय मंत्री को मंच पर जगह नहीं मिलने पर भी निशाना
सुरजेवाला ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को लेकर सामने आए विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राव इंद्रजीत सिंह वरिष्ठ नेता और कई बार गुरुग्राम से सांसद रह चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा अपने ही केंद्रीय मंत्री को मंच पर सम्मानजनक जगह नहीं देती, तो आम हरियाणवी के लिए उसके मन और मंच पर कितनी जगह होगी?
हल्द्वानी की घटना को बताया छुआछूत का उदाहरण
सुरजेवाला ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर स्थल को धोने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे छुआछूत की मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान ने छुआछूत को खत्म कर दिया, लेकिन आज भी समाज में इस मानसिकता को जिंदा रखने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों से जाति-धर्म से ऊपर उठकर ऐसी मानसिकता के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।
