• करनाल पहुंचे इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा को घेरा

करनाल के जुंडला में इनेलो की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा पहुंचे। कार्यक्रम में रामपाल माजरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। माजरा ने कहा कि चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के अवसर पर 27 अगस्त को नूंह में विशाल रैली आयोजित कर सम्मान दिवस मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रैली के लिए पूरे प्रदेश में हलके वाइज बैठकें की जा रही हैं। बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं और उनमें काफी उत्साह दिखाई दे रहा है।

रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारी समेत सभी वर्गों में सरकार के प्रति नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब बदलाव और परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव के विकल्प के रूप में अभय सिंह चौटाला और इनेलो को देख रही है।

माजरा ने दावा किया कि 27 अगस्त को चौधरी देवीलाल का जन्मदिन मनाने के लिए हरियाणा से लाखों लोग नूंह पहुंचेंगे।

15 अगस्त के प्रदर्शन को लेकर सरकार पर हमला

माजरा ने 15 अगस्त को हुए प्रदर्शन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया गया, पुलिस के घोड़े छोड़े गए और ट्रैक्टर तोड़े गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों की मांगों को सुनने और सकारात्मक घोषणाएं करने की जरूरत थी, लेकिन सरकार ने इसके बजाय प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि इसी वजह से लोग सरकार में बदलाव चाहते हैं।