• किसानों को परेशानी, कपास, धान, और पछेती फसलों के लिए मांगा अतिरिक्त समय

फसलों की ऑनलाइन एंट्री से वंचित रह गए किसानों की समस्या को लेकर उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने सरकार के समक्ष आवाज उठाई है। विधायक ने मांग की है कि किसानों की परेशानी को देखते हुए फसल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल को कुछ दिनों के लिए दोबारा खोला जाए, ताकि जिन किसानों की कपास, धान, बाजरा एवं पछेती फसलों की एंट्री अभी तक नहीं हो पाई है, वे अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करवा सकें।

विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसानों की फसलों की ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया अभी लंबित है। पोर्टल बंद होने के कारण किसान अपनी फसल का पंजीकरण नहीं करवा पा रहे हैं। इससे किसानों में चिंता बनी हुई है और उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं एवं फसल संबंधी प्रक्रियाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

फसल पंजीकरण महत्वपूर्ण प्रक्रिया, पोर्टल बंद होने से परेशानी : सेलवाल

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फसल पंजीकरण किसानों के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए केवल पोर्टल बंद होने या तकनीकी कारणों से किसी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार को किसानों के हित में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पोर्टल को दोबारा खोलने का निर्णय लेना चाहिए।

सेलवाल ने कहा कि यदि पोर्टल को कुछ दिनों के लिए फिर से खोला जाता है तो वंचित किसान अपनी फसलों की एंट्री समय पर करवा सकेंगे। इससे किसानों को राहत मिलेगी और फसल संबंधी सरकारी रिकॉर्ड भी दुरुस्त हो सकेगा।

पोर्टल को दोबारा से खोलने की मांग

विधायक ने सरकार एवं संबंधित विभाग से आग्रह किया कि किसानों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी किसान फसल की ऑनलाइन एंट्री से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।