-
स्पीकर का जवाब-राजनीति के लिए हाउस नहीं चलाना
हरियाणा विधानसभा का मानसून सेशन वीरवार को हंगामे के साथ ही शुरू हुआ। कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर आए। हाथों में तख्तियां थीं। जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक से जुड़े नारे लिखे थे।
पुलिस ने CLP लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत सभी कांग्रेसियों को गेट पर ही रोकने की कोशिश की। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई। हुड्डा ने कहा कि मुझे मारा गया। इससे जुड़े 2 वीडियो भी आए। फिर 11 बजे सेशन शुरू होते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया।
शोक प्रस्ताव पढ़ने के तुरंत बाद कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने विधानसभा के बाहर धक्के मारे जाने का मुद्दा उठाया। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा स्पीकर से कहा-हमारे साथ मिसबिहेव हुआ। आपने धक्के मारने के लिए बदमाश भेजे थे क्या?
स्पीकर हरविंद्र कल्याणा ने जवा दिया-नियम-कायदे देखना मेरा काम है। मुझे जानकारी लेनी पड़ेगी। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी। दोबारा कार्यवाही शुरू होते ही फिर हंगामा हो गया। 10 मिनट बाद ही कार्यवाही दोपहर 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस के 5 बागी विधायक काले कपड़ों में नहीं आए, लेकिन सदन में कांग्रेस विधायकों के साथ ही बैठे दिखे। सदन में रतिया विधायक जरनैल सिंह और बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल के बीच झड़प भी हुई।
सदन से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- हुड्डा के मारपीट से जुड़े दो वीडियो आएः सदन में हंगामे के साथ ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले में हुड्डा के सिर पर पुलिस कर्मी द्वारा हाथ मारने का वीडियो आया। दूसरे में हुड्डा जब सदन के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी वो पुलिस कर्मी को कोहनी मारते हुए दिखे। पुलिसकर्मी उन्हें रोकते दिख रहे थे।
- 8 कांग्रेस विधायक सस्पेंडः वेल में आकर जोरदार हंगामा करने पर स्पीकर ने कांग्रेस के 7 विधायकों को नेम किया। उसके बाद दिनभर की कार्यवाही के लिए सस्पेंड कर दिया। इनमें इंदु राज नरवाल, विकास सहारण, देवेंद्र हंस, शकुंतला खटक, आदित्य सुरजेवाला, गोकुल सेतिया, जस्सी पेटवाड़ और बलराम दांगी शामिल रहे। विधायक आफताब अहमद को भी स्पीकर ने चेतावनी दी।
- शकुंतला खटक बाहर नहीं जाने पर अड़ीः सस्पेंड किए जाने के बाद कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक बाहर नहीं जाने पर अड़ गईं। मार्शल और 6 महिला कर्मचारी खींच कर बाहर ले जाने लगें तो शकुंतला खटक पुरुष मार्शल से बोली- आप मुझे हाथ नहीं लगा सकते।
विधानसभा के बाहर क्यों हुई धक्के-मुक्की
आज सुबह कांग्रेस के विधायक हाई कोर्ट चौक से काले कपड़े पहनकर पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए विधानसभा के लिए निकले थे। विधानसभा के एंट्री गेट के पास पुलिस और सिक्योरिटी ने उन्हें रोक दिया। प्रशासन ने कहा कि विरोध दर्ज करवाते हुए विधायक विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं कर सकते।
इस दौरान विधायकों की पुलिस और विधानसभा सिक्योरिटी से बहस हुई और पुलिस ने उनके हाथों से तख्तियां व बैनर छीन लिए। इसके बाद विधायक बैनर छोड़कर नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में दाखिल हुए।
