- हुड्डा समेत कांग्रेस विधायकों पर विशेषाधिकार हनन रिपोर्ट होगी पेश
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र आज (वीरवार) सुबह 11:00 बजे चंडीगढ़ स्थित विधान भवन में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले ही दिन सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। एक तरफ जहां सरकार 4 अहम संशोधन विधेयक पेश करने और अध्यादेशों को पटल पर रखने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी रणनीति बना ली है।
सत्र की शुरुआत में पूर्व विधायकों—चौधरी सही राम बिश्नोई, राजपाल भूखडी, हरियाणा के शहीदों, रोहतक के डी-पार्क बाजार अग्निकांड के पीड़ितों और कुएं में जहरीली गैस से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
प्रश्नकाल के बाद नियम 121 के तहत अंतिम 2 घंटों के दौरान सरकारी कार्य निष्पादित करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। विधायक आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है, जिस पर तीखी बहस हो सकती है।
हुड्डा समेत कई विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन रिपोर्ट
सत्र की सबसे बड़ी हलचल विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट को लेकर रहेग। विधायक योगिन्द्र सिंह राणा द्वारा पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक कुमार अरोड़ा, बलराम दांगी, शकुंतला खटक, रघुवीर सिंह कादियान, बलवान सिंह दौलतपुरिया और मामन खान के खिलाफ दिए गए विशेषाधिकार हनन के प्रश्न पर समिति की पहली प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
विधायक अर्जुन सिंह चौटाला द्वारा इन्द्राज सिंह नरवाल के खिलाफ और शक्ति रानी शर्मा द्वारा लाए गए प्रस्तावों की रिपोर्ट भी सदन में ‘नेवा’ (NEVA) पोर्टल के जरिए पेश होगी। विधायक प्रमोद कुमार विज द्वारा ‘एक्शन इंडिया हरियाणा’ चैनल के खिलाफ दी गई विशेषाधिकार हनन सूचना पर भी रिपोर्ट पेश की जाएगी।
ये नए विधेयक लाएगी सरकार
- हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक, 2026
- हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026
- हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026
- हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजास्थल विधेयक, 2026
- इसके अलावा, सरकार नगर निगम, ग्राम शामलात भूमि (विनियमन), राज्य महिला आयोग, विधि अधिकारी (विनियोजन) और आबकारी व जीएसटी से जुड़े आधा दर्जन अध्यादेशों और कई वार्षिक रिपोर्टों को सदन के पटल पर रखेगी।
बैंक घोटाले काम रोको प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
आईडीएफसी बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, म्युनिसिपल कमेटी पंचकूला और अन्य घोटालों पर चर्चा के लिए सदन में काम रोको प्रस्ताव दिया जाएगा। वहीं कौशल रोजगार निगम के तहत हरियाणा के युवाओं के साथ हो रही वादाखिलाफी, प्रदेश में कानून-व्यवस्था के पतन और बढ़ते संगठित अपराध के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगने के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया जाएगा।
गुरुग्राम जलभराव मुद्दा पर घेरने का प्रयास
हुड्डा ने बताया कि सफाई कर्मियों के आंदोलन से लेकर गुरूग्राम में जलभराव के बुनियादी मुद्दों पर भी कांग्रेस चर्चा की मांग करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। साथ ही, प्रॉपर्टी टैक्स और कलेक्टर रेट के आधार पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर महंगाई की मार मारने, बारिश के कारण शहरों और गांवों में हुए जलभराव, किसानों के लिए मुआवजा, बिजली के निजीकरण, स्मार्ट मीटर गेस्ट टीचर्स, सफाई कर्मियों व अन्य कर्मचारियों की मांगों तथा आंदोलनों जैसे मुद्दों को उठाने के लिए भी विधानसभा में कांग्रेस विधायक प्रस्ताव देकर चर्चा की मांग करेंगे।
कानून व्यवस्था पर भी गंभीरता की जरूरत
सत्र की शुरूआत से पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि दादरी में सरेआप फायरिंग और कुरुक्षेत्र में डकैती, जैसी वारदातों से पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल है। थाने के सामने बदमाशों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, इससे साफ है कि उनमें कानून का कोई डर नहीं बचा है। हरियाणा में सरेआम लूट, डकैती, फिरौती, हत्या, फायरिंग रूटिन बन गई है।
खुद केंद्र सरकार के समाजिक प्रगति सूचकांक ने हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया है। आज हर नागरिक अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है तो उसके लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। क्योंकि हरेक सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना होती है। लेकिन बीजेपी अपनी यह जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
