• जमीन खरीदी थी, डबवाली की सियासत साधने की तैयारी

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला एवं जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने आज शुक्रवार को रक्षाबंधन के पर्व पर अपने पैतृक गांव चौटाला में मकान की नींव रखी है। अब गांव में ही अपना स्थायी ठिकाना बनाएंगे। इससे पहले गांव में इनका मकान नहीं था। सिरसा में चौटाला हाउस और दूसरी जगह फार्म हाउस में ठहरते थे।

जानकारी के अनुसार, चौटाला गांव से गौशाला रोड, जो नेशनल हाईवे की ओर जाता है। इसी रोड पर धान मंडी के पास जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला की जमीन है। इसी जमीन में स्वयं अजय चौटाला ने नए मकान की नींव आज रखी गई। इस दौरान स्वयं पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला एवं दिग्विजय चौटाला और उनके समर्थक और खेत पड़ोसी राजेश सहारण व अन्य मौजूद रहे।

सूत्रों की मानें तो यहां चौटाला परिवार अपनी कोठी बनाएगा और 2 से 3 एकड़ में बनाने की तैयारी है। यहां करीब एक से डेढ़ एकड़ में खड़ी जवार को कटवा दिया गया है और जुताई कर दी गई। इससे पहले गांव में दूसरी जगह पर मकान बनाने की तैयारी थी। मगर शांत माहौल को देखते हुए इसी जगह को चुना गया, जहां पर कोठी बनेगी।

डबवाली हलके को साधने की तैयारी

यहां से जजपा नेता अपनी राजनीतिक विरासत को मजबूत करने का काम करेंगे। साथ ही डबवाली हलके को साधने का काम करेंगे। चौटाला गांव में ही करीब 12 हजार मतदाता है, जो बड़े गांवों में से एक हैं। डबवाली हलके से जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला स्वयं विधायक रहे हैं और दिग्विजय चौटाला ने भी विधानसभा चुनाव 2024 में डबवाली से चुनाव लड़ा था, जिसमें हार मिली थी।

अब चौटाला गांव से ही डबवाली हलके में मजबूत पकड़ बनाने का काम करेंगे। एक दौर था जब देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल देशभर में अपनी राजनीति चलाते थे और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओपी चौटाला तेजाखेड़ा फार्म हाउस से हरियाणा की राजनीति चलाते थे।

चौटाला में ताऊ देवीलाल का पुस्तैनी मकान आदित्य के पास

ताऊ देवीलाल का चौटाला गांव में बना पुस्तैनी मकान उनके पोते एवं डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल के पास है। चौटाला परिवार अलग होने के बाद गांव का पुस्तैनी मकान आदित्य देवीलाल के हिस्से में आ गया। तेजाखेड़ा फार्म हाउस इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के हिस्से में हैं। ऐसे में जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला के पास अपने पैतृक गांव में कोई मकान नहीं था।