• मतभेद छोड़ संगठन मजबूत करें

झज्जर के गांव जहांगीरपुर में आयोजित कांग्रेस के जिलास्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने पार्टी के अंदरूनी हालात से लेकर भाजपा की राजनीति तक पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में जिले के कई कांग्रेस नेताओं की दूरी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आदतें बदलने में अभी समय लगेगा।

उन्होंने कहा कि यह हर व्यक्ति का अपना नजरिया है और पार्टी में बदलाव की प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी को इस गफलत में नहीं रहना चाहिए कि कांग्रेस की लड़ाई कांग्रेस से है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की असली लड़ाई भाजपा से है और यह लड़ाई अब अंतिम निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

राष्ट्रीय स्तर पर पर्दागिरी खत्म

पूर्व सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के खिलाफ जो पर्दागिरी की जा रही थी, वह अब खत्म हो चुकी है। उनके मुताबिक, अब देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने भी यह साबित कर दिया है कि अब पहले वाली दादागिरी नहीं चलेगी।

भाजपा पर हमला

भाजपा पर निशाना साधते हुए बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी बुरी तरह बौखलाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया जाता है। बृजेन्द्र ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं बताया।

पहले राहुल गांधी को छोटा दिखाया

बृजेन्द्र सिंह ने राहुल गांधी को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले राहुल गांधी को छोटा दिखाने की कोशिश की जाती थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और माहौल पूरी तरह राहुल गांधी के पक्ष में बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं।

कांग्रेस की ओर देख रहे लोग

बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि सत्ताधारी भाजपा अपने आखिरी पड़ाव पर है। उन्होंने दावा किया कि अब लोगों का रुझान कांग्रेस की तरफ बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका असर राजनीतिक तौर पर दिखाई देगा।