• विपक्ष की आवाज दबा रही BJP

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शनिवार को सिरसा में ऐलनाबाद हलके के दौरे पर रहे। गांव शक्कर मंदौरी में जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। दुष्यंत ने कहा कि आज देश में संसद से लेकर हरियाणा विधानसभा तक की गरिमा प्रभावित हुई है। विपक्ष की आवाज सुनी नहीं जा रही और सदस्यों को सदन से बाहर करने तथा सदस्यता रद्द करने तक की बातें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि वह खुद संसद और विधानसभा में रहे हैं और उन्होंने वह दौर भी देखा है, जब विपक्ष की आपत्तियों पर चर्चा होती थी और सरकार जवाब देती थी।

मुद्दों की लड़ाई में उतर चुका युवा

दुष्यंत ने कहा कि भाजपा सरकार विषयों से ध्यान भटकाना जानती है, लेकिन मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि उनकी सरकार में इस्तीफे नहीं होते, पहला इस्तीफा हो चुका है और अब यह शुरुआत है। देश का युवा अब मुद्दों की लड़ाई के लिए मैदान में उतर चुका है।

जजपा जीरो के बयान पर दिया जवाब

इनेलो नेता और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्‌डा के ‘जजपा जीरो’ वाले बयान पर दुष्यंत ने कहा कि उनके खिलाफ इस तरह का प्रचार उस समय से हो रहा है, जब वह सांसद और उपमुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि उस समय भी लोग उनके साथ थे और आज भी साथ हैं। दुष्यंत ने कहा कि जनता की राजनीतिक सोच को भ्रमित किया जा सकता है, लेकिन उसे वंचित नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की सोच को आम लोगों तक पहुंचाने और किसान, कमेरा वर्ग, मजदूर तथा गरीब को मजबूत करने की लड़ाई आगे जारी रहेगी।

तेल के दामों और महंगाई पर सरकार को घेरा

दुष्यंत ने कहा कि दुनियाभर में कच्चे तेल के दाम कम हुए हैं, लेकिन देश में गैस और तेल की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने हरियाणा में खेलों को लेकर भी सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि प्रदेश ने देश को सबसे ज्यादा मेडल दिए हैं, लेकिन खेलों से जुड़े आयोजन हरियाणा से बाहर किए जा रहे हैं।

नहरी पानी की कटौती और फसल खराबे का मुआवजा मांगा

ऐलनाबाद क्षेत्र के गांवों के दौरे के दौरान दुष्यंत ने किसानों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मानसून की कमी के बीच नहरी पानी में भी कटौती की गई है। किसानों ने घग्गर में पानी आने की उम्मीद में धान की फसल लगाई थी, लेकिन खेत प्रभावित हो गए।

दुष्यंत ने सरकार से मांग की कि जिन क्षेत्रों में फसल खराब हुई है, वहां किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर बाढ़ की स्थिति नहीं है तो सूखे जैसी स्थिति में प्रभावित किसानों को आपदा प्रबंधन बजट से सहायता मिलनी चाहिए।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर भी साधा निशाना

दुष्यंत ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को 20 दिन हो चुके हैं और शहरों में कचरे के ढेर लगे हैं। पटवारी और कानूनगो भी धरने पर हैं, लेकिन सरकार चुप है। उन्होंने गुरुग्राम में जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ‘हरियाणा में चुप रहो और पंजाब में झूठ बोलो’ की नीति अपना रखी है।

कांग्रेस पर भी किया जुबानी हमला

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दुष्यंत ने कहा कि कांग्रेस दो नहीं बल्कि नौ तरह की कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर ही एक-दूसरे पर विश्वास नहीं बचा है। दुष्यंत ने दावा किया कि वर्ष 2029 तक कांग्रेस का अंत हो सकता है।

नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा

सिरसा जिले में नशे से युवाओं की मौत के सवाल पर दुष्यंत ने पुलिस और सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डबवाली को पुलिस जिला बनाने का उद्देश्य नशे पर रोक लगाना था, लेकिन इसके बावजूद नशे का कारोबार बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से बड़े नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पंचायत चुनाव को लेकर सक्रिय हुई जजपा

दुष्यंत का ऐलनाबाद दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने माखोसरानी, रूपाणा बिश्रोईयां, रूपाणा गंजा, चाहरवाला, जोगीवाला, रामपुरा बगड़िया, कागदाना, शाहपुरिया, तरकांवाली और नाथूसरी कलां समेत कई गांवों में ग्रामीणों से मुलाकात की।

ग्रामीणों ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी। दुष्यंत ने कमेटी गठित कर प्रतिमा के लिए बेस तैयार करवाने को कहा और आश्वासन दिया कि प्रतिमा भिजवाई जाएगी।

दौरे को आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनावों को लेकर जजपा अभी से संगठन को सक्रिय करने में जुटी है। माना जा रहा है कि पार्टी सरपंच और जिला परिषद स्तर पर उम्मीदवार उतारकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। दौरे के दौरान जजपा जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।