• दीपेंद्र हुड्डा का सरकार पर निशाना

रेवाड़ी पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने AIIMS के निर्माण और उसके श्रेय को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए मनेठी और आसपास के ग्रामीणों ने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि अब AIIMS को लेकर अलग-अलग नेताओं की ओर से इसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है, जबकि इसके पीछे स्थानीय लोगों का वर्षों लंबा आंदोलन रहा है।

जाट धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में हुड्डा ने कहा कि मनेठी और आसपास के गांवों के लोगों ने AIIMS के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और वह स्वयं भी आंदोलन में शामिल हुए थे। उन्होंने इस आंदोलन की तुलना किसान आंदोलन से करते हुए कहा कि AIIMS के लिए चला संघर्ष भी कई वर्षों तक जारी रहा।

गुरुग्राम के विकास पर भी उठाए सवाल

AIIMS के मुद्दे को गुरुग्राम से जोड़ते हुए हुड्डा ने सरकार से गुरुग्राम के विकास पर भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि सरकार को गुरुग्राम के लोगों और मीडिया के सामने यह बताना चाहिए कि शहर में विकास के नाम पर क्या काम किए गए हैं। हुड्डा ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के विकास को लेकर राजनीतिक दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इन दावों की वास्तविकता गुरुग्राम समेत पूरे क्षेत्र में हुए कामों से सामने आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकास का आकलन केवल घोषणाओं या परियोजनाओं का श्रेय लेने से नहीं, बल्कि जमीन पर हुए कामों से होना चाहिए। AIIMS मनेठी को लेकर उन्होंने आंदोलन करने वाले ग्रामीणों के योगदान को प्रमुखता से सामने रखा और सरकार से विकास कार्यों का हिसाब देने की मांग की।

रामगढ़-भगवानपुर कॉलेज का मुद्दा

हुड्डा ने रामगढ़-भगवानपुर में कॉलेज खोलने की घोषणा का भी मुद्दा उठाया। उनके अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से घोषणा किए जाने के बावजूद वहां कॉलेज का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि घोषणा के बाद जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।

शिक्षा संस्थानों पर भी उठाए सवाल

हुड्डा ने अपने कार्यकाल के दौरान दक्षिण हरियाणा में पांच कॉलेज, छह ITI, दो पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय का एक्सटेंशन सेंटर और महिला विश्वविद्यालय के रीजनल सेंटर सहित विभिन्न संस्थान स्थापित किए जाने का दावा किया। उन्होंने मौजूदा सरकार से नए कॉलेज, ITI, पॉलिटेक्निक और स्कूलों के निर्माण का ब्यौरा मांगा।

नायब सैनी को बताया पार्ट टाईम सीएम

हुड्डा ने शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को युवाओं के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि ये केवल राजनीतिक मुद्दे नहीं हैं। उनके अनुसार शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था का सीधा असर अगली पीढ़ी के भविष्य पर पड़ता है। बॉक्स : ‘पार्ट टाइम सीएम’ बताकर नायब सैनी पर निशाना दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पार्ट टाइम सीएम’ बताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का मुख्य काम हरियाणा की जनता के हितों और प्रदेश के विकास पर ध्यान देना है, लेकिन वह प्रचार में अधिक व्यस्त नजर आ रहे हैं। हुड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि पहले बिहार में गमछा सीएम बने, अब पगड़ी सीएम हैं और हिमाचल के चुनाव में टोपी वाले सीएम होंगे।

भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर लगाए आरोप

दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता मौजूदा व्यवस्था से परेशान है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा के अधिकांश जनप्रतिनिधि कॉलोनियां काटने में लगे हुए हैं और प्रदेश में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है।

कार्यकर्ता सम्मेलन में हुड्डा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाने का आह्वान किया। सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र यादव व पूर्व विधायक चिरंजीव राव सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।