- सिरसा सांसद ने साधा भाजपा पर निशाना
कालका के एक निजी फार्म हाउस में कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसकी अध्यक्षता कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने की। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सांसद कुमारी सैलजा मुख्य अतिथि थीं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटा है। विकास के दावे जमीन पर नहीं दिख रहे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के राज में हर वर्ग परेशान है।
छात्रों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा : सैलजा
उन्होंने बताया कि लगातार पेपर लीक होने से छात्रों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। छात्रों को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा। सरकार ने उनके खिलाफ बल प्रयोग भी किया।
कुमारी सैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के नेतृत्व में मजबूती से काम करने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ज्यादा बैठकें करने और लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें संगठन में उठाने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
भाजपा का 400 पार का दावा भी हुआ फेल : संसद
उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा का ‘400 पार’ का नारा सफल नहीं हुआ। भाजपा 240 सीटों पर ही रुक गई। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। इस दौरान कालका से सुरेंद्र कुमार चौहान ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस जॉइन की।
इस मौके पर पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट अजय सिंगला, कालका ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शाम, पंचकूला विधायक चंद्रमोहन, जिला अध्यक्ष संजय, अश्वनी नागरा, एसपी अरोड़ा, विजय बंसल, जिला परिषद अध्यक्ष सुनील शर्मा, नरेश मान, गुरभाग सिंह धमाला, रघुवीर सोढ़ी और संतोष शर्मा मौजूद थे। इनके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
