- हिसार में पूर्व विधायक का सांसद पर पलटवार
हिसार में कांग्रेस में नकली कांग्रेसियों को लेकर शुरू हुई बयानबाजी के बीच पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश पर पलटवार किया है। घोड़ेला ने कहा कि जयप्रकाश उनके आशीर्वाद से चुनाव जीतने की बात करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि वह खुद उनके पास चुनाव जीतने के लिए आशीर्वाद लेने आए थे।
उन्होंने कहा, “मैंने कभी जयप्रकाश से जीत के लिए आशीर्वाद नहीं मांगा, बल्कि वह खुद जितने के लिए मेरे पास आशीर्वाद लेने आए थे और मैंने उन्हें आशीर्वाद दिया था।”
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में घोड़ेला ने कहा कि सांसद जेपी घर बैठे आशीर्वाद देने की बात कर रहे हैं, जबकि उनसे आशीर्वाद लेने के लिए कोई गया ही नहीं। उन्होंने 2009 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्हें टिकट मिला था।
पूर्व विधायक ने दी जयप्रकाश को चुनौती
इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनसे पूछा था कि क्या जयप्रकाश को उनकी मदद के लिए भेजना है। घोड़ेला के अनुसार, उन्होंने हुड्डा से ऐसा करने के लिए मना कर दिया था।
पूर्व विधायक ने चुनौती देते हुए कहा कि 2009 के चुनाव में अगर जयप्रकाश या उनके भाई ने उनके पक्ष में वोट मांगे थे तो इसका वीडियो सामने लाकर दिखाएं। अगर ऐसा साबित हो जाता है तो वह जनता से माफी मांग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में बरवाला शहर में जयप्रकाश को करीब ढाई से तीन हजार वोट मिले थे, जबकि उन्हें लगभग 7200 वोट मिले थे।
2029 में पता चल जाएगा, आशीर्वाद कितना असर करता है : घोड़ेला
घोड़ेला ने कहा कि 2029 के चुनाव में सबको पता चल जाएगा कि किसका आशीर्वाद कितना असर करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जयप्रकाश को अपनी जीत के लिए खुद ही आशीर्वाद दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह जिसे भी आशीर्वाद देंगे, उसकी हार तय है। घोड़ेला ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पूरे हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहेंगे और कांग्रेस की टिकट पर हिसार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
