- यमुनानगर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस-सीजेपी पर साधा निशाना
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को यमुनानगर दौरे के दौरान कांग्रेस और CJP पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए तड़प रही है। सत्ता से बाहर रहना कांग्रेस को इतना मुश्किल लग रहा है कि वह इसके लिए किसी भी तरह के हथकंडे अपनाने को तैयार है।
SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयुक्तों के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य दो चुनाव आयुक्त स्पष्ट कर चुके हैं कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं था और SIR की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति थी, तो इसके बाद भी कांग्रेस का विरोध समझ से परे है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि चुनाव आयुक्तों के बयान से स्थिति स्पष्ट हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस इसके बावजूद सड़कों पर उतरकर देशभर में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विदेशी ताकतें मिलकर भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रही हैं।
प्रदर्शन के अधिकार पर बोलीं- अभद्र भाषा का इस्तेमाल गलत
CJP के प्रदर्शन को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है। यदि कोई व्यक्ति उचित मुद्दे पर सही तरीके से प्रदर्शन करता है, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि CJP के प्रदर्शन के दौरान भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि CJP के लोग देश के युवाओं के सामने किस तरह का उदाहरण पेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विरोध दर्ज कराने के लिए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना जरूरी है।
जिले में तीन कार्यक्रमों में लिया भाग
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मंगलवार को यमुनानगर जिले के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लिया। सुबह 10 बजे उन्होंने दामला स्थित सेठ जय प्रकाश पॉलिटेक्निक में आयोजित चिकित्सा जांच शिविर में शिरकत की।
इसके बाद सुबह 11 बजे डीएवी गर्ल्स स्कूल, यमुनानगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान में भाग लिया। दोपहर 12 बजे वह प्रोफेसर कॉलोनी स्थित अद्वितीय स्कूल पहुंचीं, जहां विद्यार्थियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित था।
