- महेंद्रगढ़ में 9वां स्थापना दिवस मनाएगी JJP
जननायक जनता पार्टी (JJP) नेताओं की ओर से पार्टी का 9वां स्थापना दिवस इस बार हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में मनाया जाएगा। यहां से जजपा अहीरवाल को साधने की तैयारी में हैं और इसे अहम सीट माना जाता है। अब यह सीट भाजपा के खाते में हैं। पहले कांग्रेस से राव दान सिंह विधायक बने थे। जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला भी स्वयं भिवानी-महेंद्रगढ़ से सांसद रह चुके हैं।
खास बात है कि यहां अहिरवाल क्षेत्र में भाजपा पहले से ही मजबूत है। अहिरवाल से बीजेपी में दो कैबिनेट मंत्री और एक के पास केंद्रीय राज्य मंत्री का दर्जा है। कांग्रेस ने भी अहिरवाल को साधने के लिए अपना पार्टी अध्यक्ष बनाया हुआ है। अब जजपा भी अहिरवाल को साधेगी। यह कार्यक्रम 6 दिसंबर को होना है और जजपा ज्यादातर यूथ को अपने साथ जोड़ने में जुटी है।
इससे पहले भी जजपा महेंद्रगढ़ में बड़ी रैली कर चुकी है। पिछले साल यहीं से अजय सिंह चौटाला ने मंच से संबोधन के दौरान श्रीलंका-नेपाल का उदाहरण देते हुए युवाओं द्वारा इन बीजेपी नेताओं को अपनी कुर्सियों से घसीटने का विवादित बयान दिया था। इस रैली पर सरकार, कांग्रेस एवं इनेलो की भी नजर रहेगी। देखना होगा कि कितनी भीड़ जुटेगी और क्या बदलाव आ पाएगा? हाल ही में इनेलो ने भी ताऊ देवीलाल जयंती पर नूंह में बड़ी रैली रखी थी।
दुष्यंत चौटाला बोले-सिरसा, पलवल सहित 13 जिलाध्यक्षों ने रखा है प्रस्ताव
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने मीडिया को दिए में बताया कि जजपा पार्टी का 9वां स्थापना दिवस महेंद्रगढ़ जिले में बनाया जाएगा। इसके लिए 13 जिलों के जिला अध्यक्षों ने पार्टी मीटिंग के दौरान कार्यक्रम करवाने का प्रस्ताव रखा और आग्रह किया था। इसमें सिरसा, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और पलवल तक के जिला अध्यक्षों ने मांग रखी थी।
अजय चौटाला ने महेंद्रगढ़ से शुरू की थी पदयात्रा
सर्वसम्मति से जजपा सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला और राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने तय किया कि 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में स्थापना दिवस मनाया जाएगा। खास बात है कि इसी महेंद्रगढ़ जिले से अजय सिंह चौटाला ने अपनी पदयात्रा शुरू की थी तो उस समय प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव तय किया था। अहिरवाल की धरा से पार्टी का स्थापना दिवस पर मनाएंगे।
हर नागरिक से आग्रह करेंगे कि इस कार्यक्रम में पहुंचकर प्रदेश के हालात पर चर्चा करे और आगे आने वाली राजनीतिक पृष्ठभूमि पर उनके साथ मुहर लगाने का काम करे। फिर इसका जवाब हरियाणा की जनता से मिल जाएगा।
दिग्विजय ने रखा था सिरसा का प्रस्ताव
हालांकि जजपा के यूथ प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कुछ दिनों पहले अपने पैतृक गांव चौटाला में पार्टी कार्यक्रम के दौरान मांग रखी थी कि इस बार स्थापना दिवस सिरसा में ही मनाया जाए। यहां पर अभी तक कोई बड़ा प्रोग्राम नहीं हुआ है और न ही किसने किया है।
हालांकि, पार्टी नेताओं द्वारा इस पर विचार कर फैसला लेने को कहा था। इस पर सिरसा, हिसार, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ के पार्टी नेताओं ने प्रस्ताव रखा है, जिस पर विचाराधीन रखा हुआ है।
