- रोहतक में कहा-कई कांग्रेसी नेता भाजपा में गए, गलतियों से सरकार बनाने से चूके
रोहतक में पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान पूर्व डिप्टी स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को 2005 की टीम वाला गुलदस्ता फिर चाहिए। आज कांग्रेस का गुलदस्ता बिखर गया है। कांग्रेस के कितने नेता हैं, जो भाजपा में चले गए। वहीं, मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने की संभावनाओं को जीवित रखना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कुलदीप शर्मा सीधे तौर पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर स्पष्ट टिप्पणी करने से बचते नजर आए। लेकिन कुलदीप शर्मा ने स्वीकार किया कि कांग्रेस अपनी गलतियों के कारण सरकार बनाने से चूक गई। लोकसभा में मिले वोट प्रतिशत को विधानसभा में संभाल नहीं पाई।
कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने कहा कि भविष्य में कांग्रेस सरकार बनी और उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाती है तो वह इसे स्वीकार करेंगे। संभावनाओं को जीवित रखना चाहिए और उनसे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। सीएम बनाना तो हाई कमान का काम है, उससे पहले बहुमत तो होना चाहिए।
शनि ने 8 अक्टूबर को बदली ग्रहचाल
कुलदीप शर्मा ने कहा कि मतभेद तो भाजपा में भी हैं। 8 अक्टूबर से शनि की ग्रहचाल बदल गई है। राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में कुलदीप शर्मा ने कहा कि जब शनि आपके 6 नंबर पर बैठा हो तो दुश्मनी मोल नहीं लेनी चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा का जिक्र आने पर कुलदीप शर्मा ने एक-दो बार तारीफ की, लेकिन उनके प्रति अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करने से परहेज किया।
दोबारा स्वतंत्रता सेनानियों की जरूरत
कुलदीप शर्मा ने कहा कि जैसे देश को आजाद करवाने के लिए पूर्व में सवतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया, वैसे ही आज भी स्वतंत्रता सेनानियों की जरूरत है। वर्तमान में आनंद सिंह दांगी को सवतंत्रता सेनानी बताया और उनके जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को आगे आने का आह्वान किया।
श्रीराम शर्मा के समाधी स्थल पर चाहिए थी प्रतिमा
कुलदीप शर्मा ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा के समाधी स्थल पर कांग्रेस के समय प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए थी। लेकिन दुख है कि कांग्रेस की बजाय भाजपा सरकार ने प्रतिमा को लगवाया। कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ही इस दिशा में कदम उठाया जाना चाहिए था।
