- अर्चना गुप्ता ने खड़गे को बताया पिता समान
रोहतक में भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर कहा कि वह मेरे पिता समान, बहुत सम्मानित हैं। लेकिन जिस निम्न स्तर की राजनीति पर कांग्रेस उतर आई है, वो नहीं होनी चाहिए। भारतीय संस्कृति में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धेय के रूप में मानते हैं, उनको लेकर अपशब्द नहीं कहने चाहिएं।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि देखिए मैं एक महिला भी हूं, भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की अध्यक्ष हूं। मैं हमेशा ये बात कहती हूं कि कोई भी गलत शब्द किसी भी व्यक्ति के मुंह से निकले, जो स्तरहीन हैं, ये गलत है। वो चाहे किसी के द्वारा भी निकला हो, मैं कभी भी उसके पक्ष में नहीं होती। आज जिस तरीके के शब्द यूज किए गए हैं, मैं कठोर शब्दों में उसकी निंदा करती हूं। इस तरीके की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
खड़गे को अध्यक्ष पद से देना चाहिए इस्तीफा
अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे व विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ऐसे गलत शब्दों के इस्तेमाल के लिए माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। अर्चना गुप्ता पर कांग्रेस पर मौत का सौदागर जैसे शब्दों का पहले प्रयोग करने पर भी विरोध जताया।
युवाओं से संवाद को तैयार सरकार
अर्चना गुप्ता ने कहा कि सरकार युवाओं से लगातार हर तरीके के संवाद के लिए तैयार है। पहले भी थी, आज भी है और कल भी रहेगी। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक लगातार युवाओं के बीच जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों एक लाख युवाओं के साथ संवाद किया है।
हरियाणा में 4 बड़ी पदयात्राओं का ऐलान
अर्चना गुप्ता ने कहा कि 30 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता स्वयं रहेंगी। 31 अक्टूबर को रोहतक में पदयात् होगी, जिसमें सीएम के साथ प्रदेशाध्यक्ष रहेंगी। 1 नवंबर को फरीदाबाद में पदयात्रा के अंदर केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मौजूद रहेंगे। 5 नवंबर को करनाल पदयात्रा में गृह मंत्री अमित शाह, सीएम नायब सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल होंगे।
