• पूर्व CM ने यही से की राजनीति की शुरुआत, कुलदीप ने भेजा भावुक निमंत्रण

 हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल की राजनीति और जीवन का केंद्र रही आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 107 अब बिश्नोई परिवार का नया आशियाना बन चुकी है।

ऐतिहासिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद खास इस जगह पर बनाए गए नए घर में दिवाली के बाद यानी 11 नवंबर (बुधवार) को गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर के लिए भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई व उनके परिवार की ओर से समर्थकों और क्षेत्रवासियों को भावुक निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

इस घर में नीचे के प्रथम तल पर मीटिंग हॉल, ऑफिस है और ऊपर के तीन मंजिला रजिडेंस के लिए बनाए गए हैं। इसमें बिश्नोई परिवार रहेगा।

कुलदीप बिश्नोई ने अपने निमंत्रण पत्र में क्या कहा…

भावुक और यादगार अवसर: उन्होंने लिखा, “जीवन में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो केवल खुशी नहीं देते, बल्कि अपनों के साथ बिताए सुनहरे पलों, बुजुर्गों के आशीर्वाद और परिवार की एकजुटता को और भी मजबूत बनाते हैं। मेरे लिए ऐसा ही एक भावुक और यादगार अवसर है, जब मैं अपने नए आशियाने में आप सभी अपनों का स्वागत करने के लिए हृदय से उत्सुक हूं।”

पिताजी की प्रेरणा और मूल्य: कुलदीप ने लिखा “स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी की प्रेरणा, संस्कारों और आशीर्वाद से हमारे इस नए घर में एक नई शुरुआत होने जा रही है। पिताजी ने जीवनभर लोगों के प्रेम, विश्वास और रिश्तों को सर्वोपरि रखा। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए मेरी भी यही भावना है कि हमारा घर सदैव अपनों के स्नेह, बड़ों के आशीर्वाद और खुशियों से महकता रहे।

घर की परिभाषा बताई: कुलदीप ने कहा कि “मेरे लिए घर केवल ईंट-पत्थरों से बनी इमारत नहीं, बल्कि अपनों के प्यार, विश्वास और अपनत्व से सजा एक संसार है। उन्होंने सभी से परिवार सहित पधारकर आशीर्वाद देने और इस खुशी के पल को साझा करने का आत्मीय आग्रह किया है।

दुकान नंबर 107 का ऐतिहासिक और राजनीतिक सफर

स्व. चौधरी भजनलाल ने शुरुआती दौर में आदमपुर में घी बेचने का काम किया था। इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी में 107 नंबर दुकान लेकर आढ़त का काम शुरू किया। राजनीति में आने के बाद यह दुकान भजनलाल परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बन गई। कुलदीप बिश्नोई आज भी आदमपुर में अपने समर्थकों के साथ इसी स्थान पर बैठकें करते हैं।