• कैथल में रणदीप सुरजेवाला ने BJP को घेरा

कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गन्ने के रेट में बढ़ौतरी को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि गन्ने के रेट के केवल महंगाई दर की अपेक्षा कम बढ़ौतरी करके सरकार ने खेती विरोधी चेहरा प्रदर्शित किया है। इससे किसान गन्ने की खेती नहीं करेंगे और शुगर मिलों पर ताले लग जाएंगे। इस संबंध में सुरजेवाला ने अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट की है।

गन्ना उत्पादक किसान से निर्दयी मजाक

पोस्ट में सुरजेवाला ने लिखा है कि त्यौहार के सीजन में हरियाणा की भाजपा सरकार ने एक बार फिर गन्ना उत्पादक किसान से निर्दयी मजाक किया है। गन्ने की कीमत में मात्र 15 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी (415 रुपए से 430 रुपए प्रति क्विंटल) ने नायब सैनी व उनकी सरकार का किसान विरोधी क्रूर चेहरा बेनकाब कर दिया है।

महंगाई की दर ही 9% तक

सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई की दर ही 9% तक है। ऐसे में गेहूं की एमएसपी में .9% वृद्धि (1% से भी कम) और गन्ने की कीमत में 3% वृद्धि दिखाती है कि भाजपा सरकार खेती विरोधी है। सीएम नायब सैनी कहने को तो उत्तर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन साफ है कि सरकार ये चाहती है कि किसान गन्ना पैदा करना बंद कर दे।

खेती से मुंह मोड़ने को मजबूर किसान

इस साल मिलों को 40% गन्ना कम मिला था। अगर यही किसान विरोधी रवैया रहा तो किसान गन्ने की खेती से मुंह मोड़ने को मजबूर हो जाएगा और हजारों कर्मचारियों की नौकरी सहित हरियाणा की शुगर मिलों पर ताला लग जाएगा। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा अपना किसान विरोधी चेहरा कभी बदलेगी या खेती के खिलाफ ये षड्यंत्र ऐसे ही जारी रहेगा?